कारोबार

Kusumgar IPO के खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में 40% का मुनाफा दिखा रहा शेयर, जानिए कैसी है कंपनी की वित्तीय हालत

Kusumgar IPO Price Band: यह आईपीओ 8 जुलाई से 10 जुलाई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा। यह 650 करोड़ का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल इश्यू है। कंपनी का शेयर ग्रे मार्केट में अच्छे-खासे प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा है।
2 min read
Jul 07, 2026
Kusumgar IPO Grey Market Premium
Kusumgar IPO बुधवार को ओपन होगा। (PC: AI)

Kusumgar IPO GMP Today: आईपीओ बाजार में एक और नई एंट्री होने जा रही है। इंजीनियर्ड फैब्रिक बनाने वाली कंपनी कुसुमगर का आईपीओ बुधवार 8 जुलाई से निवेशकों के लिए खुल रहा है। ग्रे मार्केट में शेयर को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। मंगलवार शाम कंपनी के शेयर का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 166 रुपये दिखाई दिया, जिसके आधार पर शेयर की लिस्टिंग करीब 40 फीसदी प्रीमियम पर होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, जीएमपी हर दिन बदलता है और इसे रिटर्न की गारंटी नहीं माना जाता। इसके बावजूद बाजार का शुरुआती रुझान निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।

पूरी तरफ ऑफर फॉर सेल है आईपीओ

कुसुमगर का आईपीओ 650 करोड़ रुपये का है और यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। यानी इस इश्यू में कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी। प्रमोटर अपने हिस्से के करीब 1.55 करोड़ शेयर बेच रहे हैं। ऐसे में आईपीओ से मिलने वाली रकम कंपनी के पास नहीं जाएगी, बल्कि शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स को मिलेगी।

क्या करती है कंपनी?

कुसुमगर इंजीनियर्ड फैब्रिक बनाने वाली कंपनी है। यह बुने हुए, कोटेड और लैमिनेटेड सिंथेटिक फैब्रिक तैयार करती है। कंपनी के उत्पाद एयरोस्पेस, डिफेंस, ऑटोमोबाइल, इंडस्ट्रियल, आउटडोर और लाइफस्टाइल जैसे कई सेक्टर्स में इस्तेमाल होते हैं।

कितना करना होगा निवेश?

कुसुमगर आईपीओ में प्राइस बैंड 398 रुपये से 419 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। आईपीओ खुलने की तारीख 8 जुलाई है और आईपीओ बंद होने की तारीख 10 जुलाई है। आईपीओ में एक लॉट 35 शेयरों का है। इस आईपीओ में रिटेल ग्राहकों के लिए न्यूनतम निवेश 14,665 रुपये का रहेगा। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट यानी 455 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए 1,90,645 रुपये का निवेश करना होगा।

रिटेल निवेशकों के लिए है 35% हिस्सा

आईपीओ में 50 फीसदी हिस्सा योग्य संस्थागत निवेशकों (QIB) के लिए आरक्षित रखा गया है। 15 फीसदी हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) के लिए है, जबकि 35 फीसदी हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए तय किया गया है।

कब लिस्ट होंगे शेयर?

आईपीओ में 13 जुलाई को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल किया जाएगा। सफल निवेशकों के डीमैट खाते में 14 जुलाई को शेयर क्रेडिट होंगे। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उन्हें उसी दिन रिफंड मिल जाएगा। कंपनी के शेयर 15 जुलाई को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होने की उम्मीद है।

कैसी है कंपनी की वित्तीय स्थिति

वित्त वर्षपरिचालन राजस्व (₹ करोड़)शुद्ध लाभ (₹ करोड़)
FY24467.984.40
FY25779.0112.00
FY26692.098.20

रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) में बताई गई जानकारी के अनुसार, वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का परिचालन राजस्व 467.9 करोड़ रुपये था, जो वित्त वर्ष 2025 में बढ़कर 779 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि, वित्त वर्ष 2026 में यह घटकर 692 करोड़ रुपये रह गया। मुनाफे की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का शुद्ध लाभ 84.40 करोड़ रुपये था। अगले वित्त वर्ष में यह बढ़कर 112 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन वित्त वर्ष 2026 में घटकर 98.20 करोड़ रुपये पर आ गया। ऐसे में निवेशकों के लिए जीएमपी के साथ-साथ कंपनी की आय और मुनाफे के हालिया रुझान पर भी नजर रखना जरूरी होगा।

Updated on:
07 Jul 2026 04:25 pm
Published on:
07 Jul 2026 04:21 pm