कारोबार

Warren Buffet का एक बयान और बढ़ गई Google के फाउंडर Larry Page की Net worth, पहुंची 300 अरब डॉलर के पार

Alphabet Share Price: अल्फाबेट के स्टॉक में लगातार दूसरे दिन आई तेजी से गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज की नेटवर्थ 300 अरब डॉलर के पार पहुंच गई है। वॉरेन बफेट के एक इंटरव्यू के बाद शेयरों में तेजी आई।
2 min read
Jul 16, 2026
larry page net worth
larry page की net worth 300 अरब डॉलर को पार कर गई है। (PC: AI)

Larry Page Net worth: गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के शेयरों में आई तेज खरीदारी ने उसके को-फाउंडर लैरी पेज की दौलत में अरबों डॉलर का इजाफा किया है। लैरी पेज की नेटवर्थ 300 अरब डॉलर को पार कर गई है। सिर्फ एक कारोबारी दिन में ही उनकी दौलत 9 अरब डॉलर से ज्यादा बढ़ गई। 15 जुलाई को अल्फाबेट का शेयर 3.60 फीसदी बढ़कर 370.21 डॉलर पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले भी इसमें लगभग 2 फीसदी की तेजी आई थी। लगातार दो दिनों की इस मजबूती के बाद लैरी पेज की नेटवर्थ बढ़कर 316 अरब डॉलर पर पहुंच गई। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ में 9.59 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इस साल अब तक लैरी की दौलत 47 अरब डॉलर बढ़ चुकी है।

वॉरेन बफेट के एक बयान ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा

अल्फाबेट के शेयरों में तेजी के पीछे एक बड़ी वजह मशहूर निवेशक वॉरेन बफेट का बयान भी माना जा रहा है। एक इंटरव्यू में उन्होंने माना कि अल्फाबेट में पहले निवेश न करना उनकी गलती थी। बफेट ने यह भी बताया कि पिछले साल बर्कशायर हैथवे की ओर से अल्फाबेट में पहली बार निवेश करने की पहल उन्होंने खुद की थी। उनका कहना था कि अल्फाबेट उन कंपनियों में है, जिनके लंबे समय तक सफल रहने की संभावना बाजार में मौजूद ज्यादातर कंपनियों से कहीं ज्यादा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी नजर में बर्कशायर हैथवे के पोर्टफोलियो में कुछ दूसरी कंपनियां अब भी अल्फाबेट से बेहतर हैं।

बफेट का एपल पर भरोसा अब भी कायम

अल्फाबेट की तारीफ करने के बावजूद वॉरेन बफेट ने कहा कि एपल आज भी हैथवे के सबसे पसंदीदा निवेशों में शामिल है। उनके मुताबिक, जिस तरह एपल ने अब तक परफॉर्म किया है, उसका भविष्य भी उतना ही मजबूत दिखाई देता है।

बर्कशायर हैथवे ने लगातार बढ़ाई अल्फाबेट में हिस्सेदारी

बर्कशायर हैथवे ने पिछले साल नवंबर में पहली बार अल्फाबेट में निवेश की जानकारी दी थी। उस समय कंपनी ने करीब 1.78 करोड़ शेयर खरीदे थे, जिनकी कीमत लगभग 4.3 अरब डॉलर थी। इसके बाद निवेश कंपनी ने करीब 4 करोड़ अतिरिक्त शेयर और खरीद लिए। अब उसके पास अल्फाबेट के करीब 5.8 करोड़ शेयर हैं। मौजूदा बाजार कीमत के हिसाब से इस निवेश की वैल्यू लगभग 21 अरब डॉलर पहुंच चुकी है।

दुनिया के टॉप-5 अरबपति

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क 856 अरब डॉलर के साथ दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। इस साल अब तक उनकी नेटवर्थ में 236 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। लिस्ट में तीसरे नंबर पर सर्गेई ब्रिन हैं। ये भी गूगल के को-फाउंडर हैं। इनकी नेटवर्थ 294 अरब डॉलर है। इनकी नेटवर्थ में इस साल अब तक 43.5 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है।

दुनिया के टॉप अमीरों की इस लिस्ट में चौथे स्थान पर अमेजन के फाउंडर जेफ बजोस हैं। इनकी नेटवर्थ 276 अरब डॉलर है। इस साल अब तक बेजोस की दौलत में 22.3 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। वहीं, पांचवें स्थान पर मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग आते हैं। इनकी नेटवर्थ 241 अरब डॉलर है। इस साल अब तक इनकी नेटवर्थ में 8.15 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।

Updated on:
16 Jul 2026 04:52 pm
Published on:
16 Jul 2026 04:52 pm