कारोबार

Smartphone Price: सैमसंग से लेकर वीवो, ओप्पो और शाओमी तक… सबने 40% तक महंगे कर दिये स्मार्टफोन, यह है बड़ी वजह

Smartphone Price: चिप महंगी होने से कई कंपनियों ने स्मार्टफोन महंगे कर दिये हैं। मोटो जी57 पॉवर अब 1,000 रुपये महंगा हो गया है। वीवो टी4 लाइट के दाम 9,999 रुपये से बढ़कर 13,999 रुपये हो गए हैं।
2 min read
Apr 08, 2026
Smartphone Price
स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ गई हैं। (PC: AI)

Smartphone Price: भारतीय स्मार्टफोन बाजार इस समय भारी संकट से गुजर रहा है। चिप की कमी और वैश्विक तनाव के कारण वीवो, सैमसंग, ओप्पो और शाओमी जैसे बड़े ब्रांड्स ने अपने फोन की कीमतों में 40% तक की भारी बढ़ोतरी कर दी है। आलम यह है कि जो फोन पहले 10 हजार रुपए से कम में मिलते थे, उनके लिए अब ग्राहकों को 14,000 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं। कीमतों में यह उछाल केवल प्रीमियम फोन तक सीमित नहीं है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन ने कहा, ईरान युद्ध के कारण प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की लागत 50% बढ़ी है।

इन कंपनियों ने बढ़ाई कीमतें

भारतीय बाजार में वीवो, सैमसंग और ओप्पो की 47% हिस्सेदारी है। फोन बनाने की कुल लागत में चिप का हिस्सा 18% से बढ़कर 40% हुआ है। कीमतें बढ़ने से बिक्री में 10% गिरावट आने की आशंका है। मेमोरी चिप की कीमत 120% तक बढ़ गई है।

ग्राहकों पर डाल रहे बोझ

एआइ के कारण मोबाइल में लगने वाली मेमोरी चिप की किल्लत है। दिसंबर से फरवरी के बीच चिप की कीमतें 120% बढ़ चुकी हैं, जिसका बोझ कंपनियों ने ग्राहकों पर डालना शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों ने कहा कि कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है।

कितनी बढ़ी कीमतें?

वीवो ने अपने बजट फोन वीवो टी4 लाइट के दाम 9,999 रुपये से बढ़ाकर 13,999 रुपये कर दिये हैं। वहीं, सैमसंग ने अपने मिड रेंज फोन जैसे गैलेक्सी ए36 को नए अवतार में 36 फीसदी महंगा कर 52,999 रुपये पर लॉन्च किया है। ओप्पो और शाओमी ने भी अपने कई मॉडलों की कीमतों में 32 फीसदी तक का इजाफा किया है। मोटोरोला ने अपने तीन लोकप्रिय मॉडलों के दाम बढ़ा दिए हैं। बजट फोन मोटो जी35 की कीमत में 500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मोटो जी57 पॉवर अब 1,000 रुपये महंगा हो गया है। प्रीमियम मिड-रेंज फोन मोटोरोला एज 60 फ्यूजन की कीमत में 2,000 रुपए का इजाफा किया है।

Updated on:
08 Apr 2026 12:18 pm
Published on:
08 Apr 2026 12:18 pm