कारोबार

Meta Subscription Plan: अब पैसे देकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप पर इस्तेमाल कर सकेंगे एक्स्ट्रा फीचर्स, मेटा ने जारी किए प्लान

Instagram Plus Features: मेटा ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप के लिए नए पेड प्लस सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किए हैं। इन प्लान्स में यूजर्स को स्टोरी इनसाइट्स, प्रोफाइल कस्टमाइजेशन, एक्स्ट्रा फीचर्स और प्रीमियम टूल्स मिलेंगे।
2 min read
May 28, 2026
Meta Subscription Plan
इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप में कई प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। (PC: AI)

Meta Plus Plan: इंस्टाग्राम, फेसबुक और वाट्सएप पर अगर आप प्रीमियम फीचर्स पाना चाहते हैं, तो आपको जेब ढीली करनी पड़ेगी। इन तीनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की मूल कंपनी मेटा ने नए पेड पल्स प्लान लॉन्च किये हैं। इन प्लान्स में आपको हर महीने कुछ रुपये देने पर प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे। मेटा की प्रोडक्ट हेड नाओमी ग्लाइट ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इन नए सब्सक्रिप्शन प्लान्स की जानकारी दी है।

मेटा के प्लस प्लान्स के क्या चार्जेज हैं?

टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के अनुसार, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 3.99 डॉलर यानी करीब 383 रुपये प्रति महीना रखी गई है। जबकि वाट्सएप प्लस थोड़ा सस्ता है। इसकी कीमत 2.99 डॉलर यानी 287 रुपया प्रति महीना रखी गई है। कंपनी अब इन प्लान्स को दुनियाभर में रोलआउट कर रही है।

मेटा क्यों लाया पेड प्लान्स?

मेटा के ये प्लान्स ऐसे समय में आए हैं, जब कंपनी एआई पर भारी खर्च कर रही है। मेटा ने हाल ही में कहा था कि वह इस साल AI डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर 125 से 145 अरब डॉलर तक खर्च कर सकती है। ऐसे में कंपनी नए रेवेन्यू मॉडल तलाश रही है, ताकि कमाई के नए रास्ते खुल सकें।

इंस्टाग्राम प्लस (Instagram Plus) में क्या होंगे फीचर्स?

  • आपकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया, इसकी जानकारी मिलेगी।
  • स्टोरी के लिए अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट बनाई जा सकेगी।
  • स्टोरी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक भी रखा जा सकेगा।
  • हर हफ्ते एक स्टोरी को ज्यादा रीच के लिए स्पॉटलाइट कर पाएंगे।
  • बिना अपना नाम दिखाए किसी की स्टोरी देख सकेंगे।
  • स्टोरी देखने वालों की लिस्ट में सर्च फीचर मिलेगा।
  • कस्टम ऐप आइकन बना सकेंगे।
  • हाईलाइट्स में सीधे पोस्ट एड कर सकेंगे।
  • Super Heart स्टोरी रिएक्शंस का फीचर मिलेगा।
  • प्रोफाइल बायो के लिए अलग-अलग फॉन्ट्स यूज कर सकेंगे।
  • प्रोफाइल पर ज्यादा Pins लगा सकेंगे।

फेसबुक प्लस (Facebook Plus) में क्या होंगे फीचर्स?

  • फेसबुक प्लस में भी इंस्टाग्राम प्लस जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
  • यहां फोकस प्रोफाइल कस्टमाइजेशन और सोशल एक्सपीरियंस पर रखा गया है।
  • यहां ऑडियंस इनसाइट्स और इंगेजमेंट टूल्स की सुविधा भी मिलेगी।

वाट्सएप प्लस (WhatsApp Plus) में क्या मिलेंगे फीचर्स?

  • वाट्सएप प्लस को ज्यादा पर्सनल बनाने की कोशिश की गई है।
  • यूजर्स को ऐप में अलग-अलग थीम लगाने के विकल्प मिलेंगे।
  • चैट लिस्ट को कस्टमाइज कर सकेंगे।
  • प्रीमियम स्टीकर्स मिलेंगे।
  • कस्टम रिंगटोन्स की सुविधा मिलेगी।
  • ज्यादा चेट्स पिन करने की सुविधा मिलेगी।

क्या मेटा वेरिफाइरड सब्सक्रिप्शन बंद हो जाएगा?

मेटा आगे अपने अलग-अलग सब्सक्रिप्शन प्लान्स को 'Meta One' नाम के एक बड़े ब्रांड के तहत ला सकती है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि यह नया प्लान पुराने Meta Verified सब्सक्रिप्शन की जगह नहीं लेगा। मेटा वेरिफाइड अभी भी अकाउंट वेरिफिकेशन, फेक अकाउंट से सुरक्षा और एक्स्ट्रा सपोर्ट जैसी सुविधाओं के लिए जारी रहेगा।

क्या पहले भी आए हैं मेटा के पेड प्लान्स?

मेटा इससे पहले भी यूरोप में फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए एड-फ्री पेड वर्जन लॉन्च कर चुकी है। लेकिन इस बार कंपनी ने हर ऐप के हिसाब से अलग प्रीमियम फीचर्स तैयार किए हैं। यानी अब सोशल मीडिया कंपनियां सिर्फ विज्ञापनों के भरोसे नहीं रहना चाहतीं। आने वाले दिनों में 'पेड सोशल मीडिया एक्सपीरियंस' नया ट्रेंड बन सकता है।

Updated on:
28 May 2026 01:59 pm
Published on:
28 May 2026 01:59 pm