कारोबार

CNG Price Hike: गाड़ी चलाना हुआ महंगा, पेट्रोल-डीजल के बाद अब मुंबई में बढ़ गए CNG के दाम

CNG Rate Hike: महानगर गैस लिमिटेड ने मुंबई क्षेत्र में CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 86 रुपये कर दिए हैं। इससे पहले भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम पर बढ़ाए गए थे।
2 min read
May 30, 2026
Mumbai CNG Price Hike
मुंबई में CNG के दामों में दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। (PC: ANI)

Mumbai CNG Price Hike: फ्यूल की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की नई बढ़ोतरी लागू कर दी है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र में CNG का नया खुदरा मूल्य 86 रुपये प्रति किलो हो गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

दूसरी बार बढ़े CNG के दाम

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) द्वारा की गई यह बढ़ोतरी कुछ ही सप्ताह में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 14 मई को भी कंपनी ने CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की थी। नया मूल्य मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में लागू होगा।

कंपनी कर्जत, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और उस्मानाबाद सहित कई अन्य क्षेत्रों में भी CNG की आपूर्ति करती है। लगातार बढ़ती कीमतों का असर टैक्सी, ऑटो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की परिचालन लागत पर पड़ने की आशंका है, जिससे यात्रियों पर भी अतिरिक्त बोझ आ सकता है।

पेट्रोल-डीजल के बाद CNG की कीमतों में बढ़ोतरी

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद CNG के दाम भी दूसरी बार बढ़ा दिए गए है। हाल ही में हुई बढ़ोतरी के बाद मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी।

क्रूड ऑयल की ऊंची कीमतों का असर अब घरेलू बाजार में दिखाई दे रहा है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने 15 मई के बाद से पेट्रोल और डीजल कीमतों में कुल मिलाकर लगभग 7.50 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।

LPG स्टॉक बढ़ाने के दिए निर्देश

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और सप्लाई चेन पर पड़े प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को निर्देश दिए है। निर्देश में कहा गया है कि कंपनियां कम से कम 30 दिन की LPG जरूरत के बराबर भंडारण क्षमता विकसित करें। पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि रणनीतिक भंडारण योजना पर काम चल रहा है।

Updated on:
30 May 2026 09:59 am
Published on:
30 May 2026 09:44 am