SBI Customer Alert: SBI ने 11 अप्रैल 2026 की रात 2:30 से 2:50 बजे तक इंटरनेट बैंकिंग, YONO और YONO Lite की OTP सेवाएं बाधित रहने का अलर्ट दिया है।
SBI Coustomer Alert: अगर आप SBI के ग्राहक हैं और कल रात कोई जरूरी पेमेंट करने का सोच रहे हैं तो पहले यह खबर पढ़ लीजिए। बैंक ने खुद अपने करोड़ों ग्राहकों को अलर्ट जारी किया है। 11 अप्रैल 2026 यानी कल शनिवार की रात को कुछ वक्त के लिए OTP से जुड़ी सेवाएं ठप रहेंगी। बस 20 मिनट का मामला है, लेकिन अगर इस वक्त आपको पैसे ट्रांसफर करने हैं तो दिक्कत हो सकती है।
SBI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बताया है कि 11 अप्रैल 2026 को 02:30 बजे से 02:50 बजे तक इंटरनेट बैंकिंग, YONO और YONO Lite पर OTP आधारित सेवाएं बाधित रह सकती हैं। यह रुकावट शेड्यूल्ड मेंटेनेंस की वजह से होगी। यानी बैंक जानबूझकर यह काम कर रहा है, ताकि सिस्टम बेहतर बना सके। रात के ढाई बजे का वक्त है, तो ज़्यादातर लोग सो रहे होंगे। फिर भी जो रात को काम करते हैं या किसी जरूरी ट्रांज़ेक्शन में हैं उनके लिए यह जानकारी काम की है।
SBI ने यह भी बताया है कि इस दौरान आप खाली हाथ नहीं रहेंगे। ATM से पैसे निकाल सकते हैं। UPI से पेमेंट कर सकते हैं। Secure OTP और SBI Authenticator ऐप भी इस दौरान बिना किसी रुकावट के काम करते रहेंगे। तो जुगाड़ है, बस थोड़ा पहले से सोचना होगा।
बहुत से लोग इन दोनों के बारे में नहीं जानते। SBI Secure OTP एक अलग ऐप है जो इंटरनेट बैंकिंग और YONO Lite पर ट्रांज़ेक्शन के वक्त OTP जनरेट करता है। इसमें SMS की जरूरत नहीं पड़ती। यह बिना नेट के भी काम करता है। SBI Authenticator थोड़ा और आगे का विकल्प है। इसमें आप SMS OTP की जगह Prompt, QR कोड या ऐप से OTP चुन सकते हैं। यह ज़्यादा सुरक्षित, ज़्यादा भरोसेमंद है।
अगर आपने अभी तक SBI Secure OTP ऐप डाउनलोड नहीं किया तो आज ही कर लीजिए। तरीका बिल्कुल सीधा है। पहले ऐप डाउनलोड करें और ओपन करें। अपना यूजरनेम डालें। स्क्रीन पर एक मैसेज आएगा जो आपके मोबाइल नंबर की पुष्टि के लिए SMS भेजने को कहेगा। Proceed पर क्लिक करें। आपके फोन से एक SMS अपने आप एक तय नंबर पर जाएगा। ध्यान रखें कि इस पर सामान्य SMS चार्ज लगेगा। इसके बाद आप पासवर्ड डालें, Proceed करें। नियम और शर्तें मानें और Ok दबाएं। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP डालने के बाद ऐप आपसे MPIN सेट करने को कहेगा। अब आपके नंबर पर एक एक्टिवेशन कोड आएगा। यह सिर्फ 10 मिनट के लिए वैध होता है। OnlineSBI पर लॉगिन करके इसे जल्दी से एक्टिवेट कर लें। अब आप SMS OTP के बिना भी बैंकिंग कर सकते हैं।