कारोबार

Sukanya Samriddhi Yojana: SSY स्कीम में बेटी की हायर एजुकेशन और शादी के लिए तैयार करें 50 लाख से ज्यादा का फंड, कितना करना होगा निवेश?

SSY Scheme: सुकन्या समृद्धि योजना में 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है। 15 साल तक नियमित निवेश कर बेटी के लिए बड़ा फंड बनाया जा सकता है। 50 हजार रुपये सालाना निवेश पर करीब 24 लाख रुपये, 1 लाख पर 47 लाख रुपये और 1.5 लाख रुपये पर करीब 71 लाख रुपये मिल सकते हैं।

3 min read
May 30, 2026
SSY में 15 साल तक निवेश करना होता है। (PC: AI)

Sukanya Samriddhi Yojana: अधिकतर पेरेंट्स को यह चिंता खाए रहती है कि उनके बच्चों की हायर एजुकेशन और शादी के लिए पैसा कहां से आएगा। अगर गर्ल चाइल्ड की बात करें, तो इसके लिए सरकार की एक काफी लोकप्रिय स्कीम है। यह स्कीम सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) है। इस स्कीम में छोटा-छोटा निवेश करके आप अपनी बेटी की हायर एजुकेशन और शादी के लिए बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं।

अगर बेटी के जन्म के बाद समय रहते निवेश शुरू कर दिया जाए, तो पढ़ाई और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए लाखों रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस स्कीम में मिलने वाला ब्याज कई अन्य सुरक्षित निवेश योजनाओं से ज्यादा है और टैक्स छूट का फायदा भी मिलता है।

ये भी पढ़ें

बैंक अकाउंट, शेयर या म्यूचुअल फंड में जमा पैसा भूल गए हैं? Unclaimed Assets Portal पर मिलेगी सारी जानकारी, जानें प्रोसेस

8.2% मिल रहा ब्याज

बेटी के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सुकन्या समृद्धि योजना आज भी देश की सबसे लोकप्रिय सरकारी योजनाओं में गिनी जाती है। सरकार की इस स्मॉल सेविंग स्कीम में फिलहाल 8.2 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है, जो सालाना आधार पर कंपाउंड होता है। यही वजह है कि लंबे समय में छोटी-छोटी बचत भी बड़ा फंड बना सकती है।

15 साल तक करना होता है निवेश

इस योजना में 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर खाता खोला जा सकता है। खाते में निवेश 15 साल तक करना होता है, जबकि मैच्योरिटी 21 साल बाद मिलती है। यानी निवेश बंद होने के बाद भी अगले 6 साल तक जमा रकम पर ब्याज मिलता रहता है। योजना में एक वित्त वर्ष के दौरान न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये जमा किए जा सकते हैं।

50 हजार रुपये सालाना जमा करने पर कितना मिलेगा?

अगर कोई अभिभावक हर साल 50,000 रुपये जमा करता है और यह सिलसिला 15 साल तक जारी रखता है, तो कुल निवेश 7.5 लाख रुपये होगा। मौजूदा 8.2 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से 21 साल बाद मैच्योरिटी पर यह रकम बढ़कर करीब 23.94 लाख रुपये हो सकती है।

1 लाख रुपये सालाना निवेश से कितना बनेगा फंड?

अगर सुकन्या समृद्धि योजना में हर साल 1 लाख रुपये जमा किए जाएं, तो 15 साल में कुल निवेश 15 लाख रुपये हो जाएगा। मौजूदा ब्याज दर के आधार पर 21 साल बाद मैच्योरिटी राशि करीब 47 लाख रुपये तक पहुंच सकती है।

सालाना 1.5 लाख के निवेश पर कितना बनेगा फंड?

सुकन्या समृद्धि योजना में एक साल में अधिकतम 1.5 लाख रुपये ही जमा किए जा सकते हैं। यदि कोई निवेशक 15 साल तक हर साल 1.5 लाख रुपये जमा करता है, तो कुल निवेश 22.5 लाख रुपये होगा। मौजूदा 8.2 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से 21 साल बाद यह रकम करीब 71 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यानी SSY में निवेश से अधिकतम 71 लाख रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है।

EEE स्टेटस के साथ आती है यह योजना

सुकन्या समृद्धि योजना स्कीम ट्रिपल ई स्टेटस के साथ आती है। इसका मतलब है कि इसमें किया गया निवेश टैक्स फ्री होता है। निवेश पर मिलने वाले ब्याज पर भी कोई टैक्स नहीं लगता है। वहीं, मैच्योरिटी पर मिलने वाली रकम भी टैक्स फ्री होती है। इस योजना में निवेश पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है।

आधार से लिंक करवाना होगा खाता

सुकन्या समृद्धि खाता खोलने के लिए अभिभावक का आधार कार्ड जरूरी होता है। यदि आधार नंबर उपलब्ध नहीं है, तो आधार नामांकन संख्या का प्रमाण देकर खाता खोला जा सकता है। हालांकि, खाता खुलने के छह महीने के भीतर आधार को खाते से लिंक कराना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर खाता अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो सकता है।

एक परिवार में कितने खाते खोले जा सकते हैं?

आम तौर पर एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा सकते हैं। हालांकि, जुड़वां या तीन बेटियों के एक साथ जन्म लेने जैसी विशेष परिस्थितियों में दो से अधिक खाते खोलने की अनुमति मिल सकती है। इसके लिए अभिभावक को शपथ पत्र और जन्म प्रमाण पत्र जमा करने होते हैं।

ये भी पढ़ें

PPF Calculator: 30 की उम्र में शुरू करें निवेश और रिटायरमेंट पर पाएं 1.54 करोड़ रुपये, 12,500 रुपये महीना कराने होंगे जमा
Published on:
30 May 2026 03:54 pm
Also Read
View All