
Vishal Mega Mart के शेयरों में सोमवार को अचानक जोरदार खरीदारी देखने को मिली। कमजोर बाजार के बीच भी कंपनी का शेयर सुबह 10 बजकर 36 मिनट पर एनएसई पर 11.11 फीसदी की बढ़त के साथ 114.92 रुपये पर पहुंच गया। दोपहर तक कारोबार के दौरान यह अधिकतम 115.40 रुपये तक गया। वहीं, बीएसई सेंसेक्स दोपहर 12 बजकर 36 मिनट पर 0.29 फीसदी या 221 अंक की गिरावट के साथ 77,318 पर ट्रेड करता दिखा।
शेयर में इस तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ Gunender Kapur की दोबारा नियुक्ति है। कंपनी ने शुक्रवार, 21 अगस्त को बाजार बंद होने के बाद एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी थी। कंपनी के नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश पर बोर्ड ने कपूर को अगले पांच साल के लिए फिर से एमडी और सीईओ नियुक्त करने की मंजूरी दी है। उनका नया कार्यकाल 1 सितंबर 2026 से शुरू होकर 31 अगस्त 2031 तक रहेगा। इस दौरान उनका पदनाम बदलकर ‘फाउंडर, एमडी एंड सीईओ’ किया जाएगा। बाजार में इस फैसले को सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि सीईओ के भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता अब काफी हद तक दूर हो गई है।
गुनेंद्र कपूर को कंज्यूमर और रिटेल सेक्टर में मैनेजमेंट और निवेश का 42 साल से ज्यादा का अनुभव है। वह पहले Lever Limited, Unilever Nigeria PLC, Reliance Industries Limited और टीपीजी कैपिटल जैसी कंपनियों से जुड़े रह चुके हैं। यही वजह है कि उनकी दोबारा नियुक्ति को कंपनी के लिए अहम माना जा रहा है। खासकर ऐसे समय में जब निवेशक कंपनी के आगे के विस्तार और कारोबार की रफ्तार पर नजर बनाए हुए हैं।
विशाल मेगा मार्ट के बोर्ड ने कर्मचारियों से जुड़ा एक बड़ा फैसला भी लिया है। कंपनी ने पात्र कर्मचारियों को विशाल मेगा मार्ट एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शंस प्लान 2019 के तहत 4.68 करोड़ स्टॉक ऑप्शन देने को मंजूरी दी है। इन स्टॉक ऑप्शंस की एक्सरसाइज प्राइस 102.60 रुपये प्रति ऑप्शन तय की गई है।
सोमवार की तेजी के बावजूद विशाल मेगा मार्ट के शेयर का पिछले एक साल का प्रदर्शन बहुत खास नहीं रहा है। बीएसई पर पिछले 12 महीनों में शेयर करीब 25 फीसदी नीचे आया है। इसी अवधि में सेंसेक्स में करीब 4.5 फीसदी की गिरावट आई है। शेयर ने इस साल 23 मार्च को 98.70 रुपये का 52 हफ्तों का निचला स्तर छुआ था। वहीं, 26 अगस्त 2025 को यह 157.75 रुपये के 52 हफ्तों के उच्च स्तर पर पहुंचा था। हालांकि, अगस्त में शेयर ने कुछ वापसी जरूर की है। बीएसई पर इस महीने अब तक इसमें करीब 7 फीसदी की तेजी आ चुकी है।
ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी मॉर्गन स्टेनली की नजर भी विशाल मेगा मार्ट पर बनी हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘Overweight’ रेटिंग बरकरार रखते हुए 146 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, MD और CEO की पांच साल के लिए दोबारा नियुक्ति शेयर के लिए सकारात्मक खबर है। मैनेजमेंट की अगली रणनीति और नेतृत्व को लेकर जो सवाल बने हुए थे, उनसे कुछ हद तक राहत मिली है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)