
Why Share Market Rise Today: भारतीय शेयर बाजार आज शुक्रवार को भारी बढ़त लेकर बंद हुआ है। बीएसई सेंसेक्स 1.08 फीसदी या 827.57 अंक की बढ़त के साथ 77,569 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 1.02 फीसदी या 244 अंक बढ़कर 24,206 पर बंद हुआ। बाजार बंद होते समय सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान पर और 4 शेयर लाल निशान पर थे। सबसे अधिक तेजी रियल एस्टेट, सरकारी बैंकों और आईटी शेयरों में दर्ज हुई है। बाजार में आई इस तेजी से आज निवेशकों को 6 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है।
सेक्टरोल सूचकांकों की बात करें, तो सबसे अधिक तेजी निफ्टी रियल्टी में 3.49 फीसदी और निफ्टी पीएसयू बैंक में 3.03 फीसदी दर्ज हुई है। इसके अलावा, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.16 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 1.31 फीसदी, निफ्टी आईटी में 1.96 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.48 फीसदी और निफ्टी ऑटो में 0.69 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
एशियाई बाजारों में आज जोरदार खरीदारी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी शुरुआती कारोबार में करीब 5% चढ़ गया था। यह 2.52 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। जापान का निक्की 225 1.58 फीसदी और हांगकांग का हैंगसेंग 0.60 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। अमेरिका का नैस्डैक गुरुवार को 1% से ज्यादा बढ़कर बंद हुआ था। इस तरह मजबूत वैश्विक संकेतों से भारतीय बाजार का सेंटीमेंट भी बेहतर हुआ।
कच्चे तेल की कीमतो में गिरावट का भी मार्केट पर पॉजिटिव असर पड़ा है। WTI क्रूड 0.24 फीसदी या 0.17 डॉलर गिरकर 71.91 डॉलर प्रति बैरल रह गया है। वहीं, ब्रेंट क्रूड 0.24 फीसदी या 0.18 डॉलर गिरकर 76.12 डॉलर प्रति बैरल रह गया है।
मिडिल ईस्ट में तनाव अभी भी बना हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंताएं बरकरार हैं। इसके बावजूद वैश्विक शेयर बाजारों में घबराहट नहीं दिखी। निवेशकों का फोकस फिलहाल कॉरपोरेट नतीजों पर है।
टीसीएस के अच्छे तिमाही नतीजों से आज आईटी शेयरों में अच्छी तेजी आई, जिससे बाजार में निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत रहा। पहली तिमाही में टीसीएस का मुनाफा 5% बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी की आय 14% बढ़कर 72,275 करोड़ रुपये पहुंची है। साथ ही 9.5 अरब डॉलर के नए ऑर्डर मिले हैं।
जुलाई की शुरुआत में FII ने खरीदारी की है। 1 से 8 जुलाई के बीच FIIs ने 8,280 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी फिर बढ़ती दिख रही है। यह बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।