
चाईबासा।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ऊपर की ओर नहीं, नीचे देखे, विधानसभा चुनाव में अपने बूथ पर एक-एक वोट का ध्यान रखे। जेपी नड्डा शुक्रवार को चाईबासा में भाजपा के शक्तिकेंद्र सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा के पास नेता भी है, नीति भी है, नियत भी है, कार्यक्रम भी है, कार्यकर्ता भी है और वातावरण भी है। इन सबके बदौलत आगामी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता इस बात का ध्यान दें कि बूथ पर कमल को ही वोट पड़े। ताकि राज्य में दूसरी बार भाजपा नेतृत्व वाली सरकार बने। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि एक-एक वोट महत्वपूर्ण है और कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत ही पार्टी आज इतनी ऊंचाईयों तक पहुंची है।
कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पास बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का जो नेटवर्क है,उसका मुकाबला देश की कोई भी राष्ट्रीय या अन्य राजनीतिक दल नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत अन्य सभी राजनीतिक दल वंशवाद से प्रभावित है,लेकिन भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता शिखर तक पहुंचने में सफल होता है।
जेपी नड्डा ने जम्मू-कश्मीर के मसले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के रवैये पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ विपक्षी दलों के नेताओं के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण वैश्विक स्तर पर भारत को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है।