
आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि ‘महाजनी प्रथा’ का विरोध करने वाले लोग खुद महाजन बन बैठे हैं। हालात यह है कि राज्य एक कुशल और जनता के प्रति जवाबदेह नेतृत्व की कमी से गुजर रहा है।
पार्टी अध्यक्ष महतो ने अरगोड़ा मैदान में आयोजित मिलन समारोह के दौरान कहा कि राज्य को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो हर वर्ग और सबके विचारों को साथ लेकर चले। वर्तमान और भावी पीढ़ी के लिए सभी को मिलकर झारखंड की राजनीति को पटरी पर लाना है।
समारोह में समाजसेवी जीतेंद्र सिंह ने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसी मौके पर पद्मश्री मधु मंसूरी के पुत्र जेएमएम नेता शाहजहां मंसूरी और रांची निवासी मो.कैफ, उमर अली, आफताब आलम समेत कई लोग पार्टी में शामिल हुए।
गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना हमारा लक्ष्य
महतो ने कहा कि शहर की चकाचौंध में शहर की मूलभूत आवश्यकताएं छिप जाती हैं। झुग्गी- झोपड़ी में रहने वाले गरीब के बेटे के भविष्य को भी सुरक्षित करना होगा। गरीबों के चहेरों पर हंसी लाना मेरा लक्ष्य। सरकार के पास लोगों के जीवन में सुधार के लिए कोई प्लान नहीं है। शहरी परिवेश को स्मार्ट बनाने की जरूरत है।
पार्टी से जुड़कर लोकहित को आगे बढ़ाएंगे- जीतेंद्र
समाजसेवी जीतेंद्र सिंह ने कहा कि झारखंड की प्रगति के प्रति सुदेश के सोच और उनके कार्यों से प्रभावित होकर जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली आजसू पार्टी में शामिल हो रहा हूँ। अध्ययन, अनुशासन, आध्यात्म और आत्मविश्वास के साथ जनता की सेवा करना हमारा लक्ष्य है। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र पूरे राज्य में विकास का आईना है।
प्रमुख हस्तियों ने की शिरकत
मिलन समारोह में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, बंटी यादव, रमेश गुप्ता, सुनील यादव, विरेंद्र प्रसाद, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, डॉ. अशोक नाग, भरत काशी, डॉ रीना गोडसारे, ज्ञान सिन्हा, एस अली, आशुतोष गोस्वामी, वर्षा गाड़ी, सीमा सिंह, विजेता वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।