चित्तौड़गढ़

Rail Line Project: मेवाड़ के विकास को लगेंगे पंख, दिसंबर 2026 से पहले दौड़ेगी बड़ीसादड़ी-नीमच रेल, सांसद जोशी ने परखा काम

Badrisadri-Neemuch Rail Route: चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने बड़ीसादड़ी-नीमच रेल मार्ग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर दिसंबर 2026 से पहले काम पूरा करने का भरोसा दिलाया।

2 min read
बड़ीसादड़ी से नीमच रेलवे लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद जोशी जनता के बीच। फोटो- पत्रिका

बड़ीसादड़ी। चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने गुरुवार को बड़ीसादड़ी-नीमच रेल मार्ग के निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि रेल लाइन का कार्य तय समय-सीमा दिसंबर 2026 से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। जोशी ने कहा कि यह केवल एक रेल मार्ग नहीं, बल्कि मेवाड़ के आर्थिक और सामाजिक विकास की राह में मील का पत्थर साबित होगा।

ये भी पढ़ें

Jodhpur: जोधपुर पुलिस के नए ‘कप्तान’ शरत कविराज ने संभाली कुर्सी, बोले- सबसे पहले निशाने पर रहेंगे ऐसे अपराधी

जनता ने जताया भरोसा, सांसद ने दिखाए कड़े तेवर

रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेल संघर्ष समिति मेवाड़ के अध्यक्ष डॉ. विमल नागोरी की अगुवाई में सांसद का स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान सांसद के सामने सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर समस्या रखी गई। उन्हें बताया गया कि कानोड़ और भींडर के बीच ट्रैक में तकनीकी खामी के कारण ट्रेन लहराती है, जो बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद जोशी ने मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को तलब किया और तत्काल ट्रैक दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन विनोद कंठालिया, हीरालाल मेनारिया, सकल जैन समाज अध्यक्ष जिनेन्द्र डांगी, भाजपा अध्यक्ष धनपाल मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

गरीब मजदूरों के समय की चिंता: मेमू ट्रेन की मांग

डॉ. नागोरी ने सांसद को बताया कि बड़ीसादड़ी-उदयपुर ट्रेन मावली जंक्शन पर करीब 40 मिनट खड़ी रहती है, जिससे मजदूर और नौकरीपेशा लोग सुबह 9 बजे के बाद उदयपुर पहुंच पाते हैं। इससे उनकी रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। समिति ने मांग की कि बड़ीसादड़ी-उदयपुर के बीच मेमू ट्रेन चलाई जाए।

इसके अलावा चित्तौड़गढ़-अहमदाबाद मेमू को सप्ताह में तीन दिन बड़ीसादड़ी-मावली होकर चलाने की भी मांग रखी गई। इस पर सांसद ने कहा कि अभी गाड़ी असारवा तक जा रही है, कार्य पूर्ण होते ही बड़ीसादड़ी से सूरत तक ट्रेन चलाई जाएगी। भविष्य में यहां से इतनी गाड़ियां चलेंगी कि लोग गिनते-गिनते थक जाएंगे।

बीएसएनएल नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस

आमजन की समस्याएं सुनते हुए सांसद ने बिनायका और बड़ीसादड़ी के कृष्णवाटिका क्षेत्र में बीएसएनएल के उच्च क्षमता वाले टावर लगाने के लिए अधिकारियों को फोन पर ही निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर 200 मीटर लंबी पटरियां लेकर आई मालगाड़ी भी तैयार खड़ी थी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के उप निरीक्षक मयंक गुप्ता और अधिशाषी अभियंता राजाराम ने तकनीकी प्रगति की जानकारी दी।

ये भी पढ़ें

Food Security Scheme: ई-केवाइसी ने खोली खाद्य सुरक्षा की पोल, राजस्थान के 26 लाख लोगों को अब नहीं मिलेगा सस्ता राशन

Also Read
View All

अगली खबर