चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़ में हादसा, सांवलियाजी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक की मौत, 30 घायल

चित्तौड़गढ़ जिले में सर्विस रोड से चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़ते समय एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बारां निवासी रघुवीर मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हैं।
2 min read
Chittorgarh Bus Accident
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Chittorgarh Bus Accident : चित्तौड़गढ़। जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र के बागुंडा गांव के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां सर्विस रोड से चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़ते समय एक निजी बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बारां निवासी रघुवीर मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 यात्री घायल हैं। इनमें से पांच की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि प्राकट्य स्थल मंदिर से पहले बागुंड गांव के पास 'राजनंदिनी' नाम की एक बस पलट गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस सर्विस रोड पर चल रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस डिवाइडर पार करते हुए विद्युत पोल और रेलिंग को तोड़ती हुई नेशनल हाईवे के मुख्य मार्ग पर चढ़कर पलट गई। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

कलक्टर ने जाना घायलों का हाल

आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए। पुलिस और हाईवे एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादसोड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलक्टर डॉ. मंजू तुरंत श्रीसांवलियाजी राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचीं। उन्होंने घायलों व परिजनों से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया और चिकित्सकों को त्वरित व उचित उपचार के निर्देश दिए।

सांवलियाजी जा रही थी बस

हादसे में मृतक की पहचान रघुवीर पुत्र हरि सिंह मीणा निवासी नपनिया, तहसील बारां के रूप में हुई है। बस में सवार यात्री जयपुर, जोधपुर, कोटा, सवाई माधोपुर, फरीदाबाद और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न स्थानों के श्रद्धालु थे, जो सांवलियाजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। बस में क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं। सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार शिव शंकर पारीक, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा। बाद में बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
26 May 2026 06:02 pm
Published on:
26 May 2026 06:02 pm