चित्तौड़गढ़

Rajasthan: राजस्थान के 8 गांवों में अचानक फैली दहशत, चीखने लगे महिला-बच्चे और बुजुर्ग, अस्पताल में लगी भीड़

बेगूं क्षेत्र में एक पागल श्वान ने कई गांवों में हमला कर दो दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
less than 1 minute read
Dog bite in Chittorgarh, Dog bite, Dog bite in Rajasthan, Dog bite case, Chittorgarh news
अस्पताल पहुंचे ग्रामीण। फोटो- पत्रिका

बेगूं। उपखंड क्षेत्र में रविवार को एक पागल श्वान के हमले से हड़कंप मच गया। करीब सात किलोमीटर के दायरे में स्थित कई गांवों में उसने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित दो दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार श्वान ने करणपुरिया, गुलाना, आंवलहेड़ा, ठुकराई, श्रीनगर, शादी, बामनहेड़ा और मडावदा गांवों में एक के बाद एक हमले किए। ग्रामीणों ने बताया कि श्वान बेहद आक्रामक था और अचानक लोगों पर झपट्टा मार रहा था, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घायलों का अस्पताल में लगा तांता

श्वान के हमले में करणपुरिया निवासी शिवलाल शर्मा, गायत्री शर्मा, शादी निवासी देवकन्या, केसर बाई, बोथलाल, गुलाना निवासी श्यामलाल, भवानी शंकर, गोपाललाल, ठुकराई निवासी रामचन्द्र धाकड़, भेरूलाल धाकड़, कैलाशचंद धाकड़ सहित श्रीनगर गांव के करीब 10 लोग घायल हुए हैं।

सभी घायलों को तुरंत बेगूं के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां घायलों की भीड़ लग गई। चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए। गुलाना निवासी श्यामलाल की स्थिति गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है।

प्रशासन के खिलाफ आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। आक्रोशित लोगों ने मांग की है कि पागल श्वान को तुरंत पकड़कर आबादी क्षेत्र से दूर किया जाए और बढ़ती आवारा श्वानों की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए ठोस योजना बनाई जाए।

Updated on:
01 Mar 2026 07:15 pm
Published on:
01 Mar 2026 07:15 pm