
घायल को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए। फोटो- पत्रिका नेटवर्क
भीलवाड़ा। होली से ठीक पहले एक परिवार पर रविवार दोपहर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर पुलिया से गिरने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टोंक जिले के लांबाहरिसिंह निवासी परिवार के सात सदस्य चित्तौड़गढ़ में सांवरिया सेठ के दर्शन कर होली से पहले घर लौट रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे विजयनगर (अजमेर) के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-148 पर पुलिया पार करते समय चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन पुलिया से नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी को विजयनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चालक नौरत और इंदिरा को मृत घोषित कर दिया। चार अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बीच परिजनों की गोद में बैठा एक छोटा बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया। होली से पहले हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शवों को शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
01 Mar 2026 06:48 pm
Published on:
01 Mar 2026 06:48 pm
