नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने चित्तौड़गढ़ में छापा मारकर हाईटेक नशा फैक्ट्री पकड़ी, भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स, केमिकल बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार, प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
चित्तौड़गढ़: राजस्थान में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। उनकी टीम ने चित्तौड़गढ़ जिले में एक घर पर छापा मारा और वहां छिपी हुई हाईटेक फैक्ट्री पकड़ ली, जहां नशा बनाया जा रहा था। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। टीम ने सुरजना गांव के एक सुनसान इलाके में बने मकान की तलाशी ली। वहां से नशा बनाने वाले सामान और उपकरण बरामद हुए।
टीम ने एक आरोपी सोनू सिंह उर्फ अकबर को गिरफ्तार किया, जो मंदसौर (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है। उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल होने वाली बाइक भी जब्त की गई। जांच से पता चला कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर यह फैक्ट्री चला रहा था। यहां अवैध तरीके से मेफेड्रोन नाम का खतरनाक नशा बनाया जा रहा था।
CBN की अभी जांच जारी है। अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि कच्चा माल कहां से आता था, तैयार नशा किन-किन जगहों पर भेजा जाता था, इस गिरोह से जुड़े और लोग कौन-कौन हैं, ताकि पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके और ऐसे नशे के धंधे पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।