
Operation Trinetra Rajasthan: चित्तौड़गढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने नेशनल हाईवे स्थित एक होटल पर दबिश देकर अफीम और डोडाचूरा बरामद करते हुए होटल संचालक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि एएनटीएफ से मिली सूचना पर एएसपी सरिता सिंह व डीवाईएसपी बड़ीसादड़ी देशराज कुलदीप के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवान लाल मय जाब्ता उदयपुर-चित्तौडगढ़़ नेशनल हाईवे पर पालखेड़ी सरहद पहुंचे जहां पहले से मौजूद एएनटीएफ और डॉग स्क्वॉड की टीम ने संयुक्त रूप से होटल की घेराबंदी की।
होटल परिसर की सघन तलाशी के दौरान डॉग स्क्वॉड ने संदिग्ध स्थान की ओर इशारा किया। गहनता से जांच करने पर वहां से 41 किलो 02 ग्राम अवैध अफीम और 267 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी होटल संचालक देवीलाल अहीर निवासी नंगाखेड़ा थाना मंगलवाड़ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मादक पदार्थ को होटल के कमरे में पैकिंग कर छिपाया गया था। जिसे साधारण जांच में पकड़ पाना लगभग असंभव था। लेकिन डॉग स्क्वॉड ने कौशल का परिचय देते हुए तस्करी की अफीम का पता लगाकर एएनटीएफ और पुलिस टीम को बड़ी सफलता दिलाई।
इस कार्रवाई में एएसआई भैरूलाल जाट, टंवरसिंह, भानसिंह, शंकर कृष्ण, प्रदीप कुमार सहित सीआईडी सीबी डॉग स्क्वॉड उदयपुर के सिपाही पूनम चंद व कमलेश की मुख्य भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह खेप कहां से लाया और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने 45 किलो डोडाचूरा बरामद करते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक कार भी जब्त की गई है। शंभुपुरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 45 किलो डोडाचूरा बरामद कर रविन्द्र सिंह विश्रोई (26) निवासी तिलकवासनी थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर व दिनेश जाट (26) निवासी सिलारा थाना पीपाड़ सिटी जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में काम ली जा रही कार को भी जब्त किया गया। पुलिस टीम में थानाधिकारी धर्मराज मीना, एएसआई धर्मेन्द्र, सिपाही नरेश कुमार, रामकिशन, मुकेश कुमार, योगेन्द्र कुमार, महेन्द्र शामिल थे।