चूरू

Churu Crime: हवेली में मिली 80 साल की भामाशाह महिला की लाश, कोलकाता में रहते हैं दोनों बेटे और बेटी

चूरू के सुजानगढ़ में अकेली रह रही 80 साल की पुखराज चौरड़िया का शव उनकी हवेली में मिला। गले पर चोट के निशान और खून मिलने से पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
2 min read
Sep 08, 2026
churu crime news
घटना की जानकारी जुटाते पुलिस अ​धिकारी (पत्रिका फोटो)

Churu Crime News: चूरू जिले के सुजानगढ़ शहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक हवेली में 80 साल की वृद्ध महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। महिला के गले पर चोट के निशान थे और शव के पास खून बिखरा हुआ मिला। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। वारदात के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पुखराज चौरड़िया (80) पत्नी रणजीत सिंह हवेली में अकेली रहती थी। सोमवार को हवेली में उनका शव मिला। शव के पास काकड़िया कटा हुआ मिला, जबकि चाकू बरामद नहीं हुआ। गले पर मिले निशानों के आधार पर पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही थानाधिकारी मुकेश कुमार, डीएसपी अनुज शुभम और एएसपी पवन भदोरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों के संबंध में सुराग मिल सके।

पोस्टमॉर्टम के बाद साफ होगी स्थिति

पुलिस के अनुसार, शव को हारे का सहारा टीम संयोजक श्याम स्वर्णकार व अन्य लोगों की मदद से सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। थानाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और चोटों की प्रकृति को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

बाहर रहते हैं बेटे-बेटी, रिपोर्ट का इंतजार

महिला के दो पुत्र और एक पुत्री हैं, जो कोलकाता और बेंगलुरु में रहते हैं। उनके जल्द सुजानगढ़ पहुंचने की संभावना है। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस को रिपोर्ट मिलने की संभावना है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

चुनावी पर्चों से पहुंचा सुराग?

चर्चा है कि महिला के घर में नगर पालिका चुनाव से जुड़े प्रत्याशियों के पर्चे मिले थे। बताया जा रहा है कि पर्चे देने पहुंचे लोगों ने आसपास सूचना दी, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। हालांकि, इस पहलू की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। इसी तरह महिला के भामाशाह के रूप में पहचान रखने की भी चर्चा है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।

Updated on:
08 Sept 2026 10:58 am
Published on:
08 Sept 2026 10:58 am