
मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग (पत्रिका फोटो)
कालवाड़ (जयपुर): जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भंभौरी गांव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ। नशे में धुत एक क्रेन चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए पैदल जा रहे मंदिर के 70 वर्षीय पुजारी रामलाल शर्मा को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि पुजारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल क्रेन चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी और क्रेन के कांच तोड़ डाले। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात भी बाधित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों को उचित मुआवजा दिलवाने और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासनिक आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए।
पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल भेजकर पोस्टमॉर्टम करवाया और उसके बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित क्रेन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुजारी नियमित रूप से मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। क्रेन चालक अत्यधिक शराब के नशे में धुत था और वाहन पर से अपना नियंत्रण खो चुका था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुजारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरोपी चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दी जाए। मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम ग्रामीणों को समझाने-बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी रही। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
Updated on:
08 Sept 2026 09:10 am
Published on:
08 Sept 2026 09:10 am
