चूरू

‘मम्मी-पापा को मत मारो…’, चीखती रही मासूम, पीछे नहीं हटा दादा, चूरू हत्याकांड में बड़ा खुलासा

चूरू जिले के चंगोई गांव में सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोप है कि जिस वक्त रामचंद्र जाट SUV से इकलौते बेटे रविंद्र और बहू महेंद्र देवी को कुचल रहा था। उसी समय उनकी 11 वर्षीय मासूम बेटी माता-पिता को बचाने के लिए चीख रही थी।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
churu double murder father kills son and daughter in law over election dispute
Churu Double Murder: मृतक रविन्द्र व उसकी पत्नी महिंद्रा (फोटो-पत्रिका)

चूरू। जिले के तारानगर क्षेत्र के चंगोई गांव में हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस घटना में मृतक दंपती की 11 वर्षीय मासूम बेटी का एक दर्दनाक पहलू सामने आया है, जिसमें वह अपने दादा से मम्मी-पापा को नहीं मारने की गुहार लगाती रही। लेकिन उसकी गुहार उस वक्त बेअसर रह गई, जब उसके दादा ने कथित तौर पर SUV से कुचलकर उसके माता-पिता की जान ले ली। पुलिस जांच में सामने आया कि सरपंच का चुनाव लड़ने की जिद को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। वहीं, आरोपी रामचंद्र जाट के गांव की एक महिला से कथित संबंधों को लेकर भी दोनों के बीच लंबे समय से तनाव था।

तारा नगर पुलिस स्टेशन के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने बताया कि रामचंद्र गांव में एक धर्मकांटा चलाता है और चांगोई से सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था। उनके 40 वर्षीय बेटे रविंद्र जाट और 35 वर्षीय बहू महिंद्रा देवी को उनका यह फैसला पसंद नहीं था। पुलिस के मुताबिक, इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से उनके बीच अक्सर झगड़े हो रहे थे। मंगलवार रात को भी उनके घर पर बहस हुई। इसके बाद रामचंद्र और रविंद्र धर्मकांटा पर चले गए। कहासुनी के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। जानकारी मिलने पर रविंद्र की पत्नी महेंद्र देवी वहां पहुंची और बीच-बचाव किया। इसके बाद वह पति को लेकर घर जाने लगी।

पीछे से SUV लेकर आया, मासूम मम्मी-पापा को छोड़ने की लगाती रही गुहार

आरोप है कि रविंद्र और महेंद्र देवी के वहां से निकलने के बाद रामचंद्र अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ बोलेरो जीप लेकर पीछे पहुंचा। उसने दंपती को टक्कर मार दी और उनके ऊपर से गाड़ी निकाल दी। रिपोर्ट में आरोप है कि वाहन पीछे लेकर दोनों को दोबारा कुचला गया। गंभीर चोटों के कारण रविंद्र और महेंद्र देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दौरान उनकी 11 वर्षीय बेटी मीतारिका भी पीछे आ रही थी। माता-पिता को लहूलुहान देखकर वह रोती-बिलखती रही और दादा-दादी से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाती रही। बच्ची की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुका था।

मासूम के सिर से उठा मां-पिता का साया, पुरानी रंजिश की जांच

मामले में मृतका के पिता यानी रविंद्र के ससुर ने तारा नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रामचंद्र के गांव की एक महिला से कथित संबंध भी पिता-पुत्र के बीच तनाव की वजह थे। इसके अलावा रविंद्र और उसके ताऊ के बेटे रामवीर के बीच 10 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है। रविंद्र गांव में ई-मित्र की दुकान चलाता था, जबकि महेंद्र देवी गृहिणी थी। दोनों की मौत के बाद उनकी 11 वर्षीय बेटी के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

गांव में 16 नवंबर को होना है मतदान, चुनाव से पहले हुई घटना

यह घटना तारा नगर में पंचायत चुनावों से पहले हुई है। राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनावों के चौथे चरण के तहत गांव में पंच और सरपंच के पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होना है। हाल ही में चांगोई को एक नई ग्राम पंचायत घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि इस बदलाव के बाद रामचंद्र ने सरपंच का चुनाव लड़ने का पक्का इरादा कर लिया था। पुलिस इस घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है। चंगोई में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
15 Oct 2026 06:28 pm
Published on:
15 Oct 2026 05:59 pm