
मृतक रविन्द्र व उसकी पत्नी महिंद्रा
Churu Double Murder: राजस्थान के चूरू जिले से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह और पंचायत चुनाव को लेकर चल रहे विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। जिले के तारानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चंगोई गांव में एक पिता ने अपनी ही औलाद और बहु की बेरहमी से हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता चंगोई गांव निवासी रामचंद्र रेपसवाल ने घरेलू और चुनावी तकरार के बाद गुस्से में आकर अपने बेटे रविंद्र और पुत्रवधू महिंद्रा पर तेज रफ्तार गाड़ी चढ़ा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी का परिवार में पंचायत चुनाव की उम्मीदवारी और पारिवारिक मुद्दों को लेकर पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले अपनी पत्नी के साथ भी जमकर मारपीट और झगड़ा किया था। इसके बाद जब बेटा और बहू बीच-बचाव व विरोध करने आए, तो आरोपी ने आपा खो दिया और उन पर गाड़ी चढ़ाकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया।
स्थानीय ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आगामी पंचायती राज चुनावों में दावेदारी और पारिवारिक साख को लेकर घर के अंदर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। यह विवाद इतना गहरा गया था कि आए दिन घर में क्लेश की स्थिति बनी रहती थी।
घटना के दिन भी आरोपी पिता ने सबसे पहले अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। इसके तुरंत बाद आरोपी ने तैश में आकर बेटे रविंद्र और बहू महिंद्रा को निशाना बनाया तथा अपनी गाड़ी से उन्हें जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटें आने के कारण मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और उच्च अधिकारी तुरंत भारी पुलिस जाब्ते के साथ चंगोई गांव पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी पिता को मौके के आसपास से हिरासत में ले लिया। इसके साथ ही हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नजदीकी सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां परिजनों की मौजूदगी और पंचनामे की प्रक्रिया के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
दोहरे हत्याकांड की इस घटना के बाद गांव में किसी भी प्रकार के लॉ एंड ऑर्डर के संकट को टालने के लिए एहतियातन पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच और प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी टाइमलाइन, पारिवारिक रंजिश के मूल कारणों और वारदात के समय मौजूद अन्य साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा सके। पुलिस का दावा है कि मामले में फोरेंसिक टीम से भी घटनास्थल का मुआयना करवाया जा रहा है ताकि आरोपी के खिलाफ अदालत में पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें।
Updated on:
14 Oct 2026 10:43 am
Published on:
14 Oct 2026 10:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
