
Churu Zila Pramukh Kanika Singh and Rajendra Rathore. Photo- facebook.com/Rajendra4BJP
Churu Zila Pramukh Kanika Singh: चूरू जिला परिषद में बहुमत के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख की कुर्सी नहीं बचा पाई। भाजपा ने सियासी समीकरण पलटते हुए कांग्रेस के बहुमत को मात दे दी। भाजपा प्रत्याशी कनिका सिंह ने कांग्रेस की प्रकाश बुडानिया को पांच वोटों से हराकर जिला प्रमुख पद पर कब्जा जमा लिया। कनिका को 22 वोट मिले, जबकि प्रकाश बुडानिया को महज 17 वोट ही मिल पाए। खास बात यह रही कि 39 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 21 सदस्य निर्वाचित हुए थे, लेकिन मतदान में पार्टी प्रत्याशी को 17 वोट ही मिले। ऐसे में कांग्रेस के चार वोटों की क्रॉस वोटिंग सामने आई है। वहीं भाजपा के 17 सदस्य होने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी को 22 वोट मिले। यानी भाजपा को पांच अतिरिक्त वोट मिले। नतीजों ने जिला परिषद की राजनीति में एक बार फिर जोड़तोड़ और रणनीति के सियासी मायने उजागर कर दिए।
चुनाव में सबसे चौंकाने वाला पहलू कांग्रेस खेमे में हुई क्रॉस वोटिंग रही। कांग्रेस की ओर से चार सदस्यों की क्रॉस वोटिंग होने की बात सामने आई है। इसके चलते पार्टी का निर्धारित संख्याबल बिखर गया और भाजपा प्रत्याशी को जीत के लिए जरूरी मतों से अधिक समर्थन मिल गया। चुनाव परिणाम ने कांग्रेस की रणनीति और सदस्यों को एकजुट रखने के प्रयासों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं भाजपा ने कम संख्याबल के बावजूद सियासी प्रबंधन के दम पर बाजी अपने नाम कर ली।
चूरू जिला प्रमुख चुनाव के दौरान भाजपा की ओर से पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और विधायक हरलाल सारण दोपहर से परिणाम घोषित होने तक मौजूद रहे। जीत के बाद राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भावनाओं में बहकर भाजपा छोड़ कांग्रेस में गए कुछ कार्यकर्ताओं को कांग्रेस ने टिकट दिया था। इस चुनाव में उन्हें कमल के फूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नजर आए।
उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर भाजपा प्रत्याशी को वोट देकर ऐतिहासिक जीत दिलाई। राठौड़ ने कहा आप देख सकते हैं कि हम 17 बनकर गए थे और 22 बनकर लौटे हैं। उन्होंने इसे हॉर्स ट्रेडिंग नहीं बल्कि हॉर्स स्लाइडिंग बताते हुए कहा कि लोग खुद फिसलकर भाजपा के पास आ गए। किंग मेकर की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर राठौड़ ने कहा कि वे निश्चित तौर पर किंग मेकर हैं।
सामान्य महिला के लिए आरक्षित जिला प्रमुख पद पर भाजपा की कनिका सिंह निर्वाचित हुई हैं। 40 वर्षीय कनिका सिंह सामान्य वर्ग से हैं और स्नातक तक शिक्षित हैं। यह उनका जिला प्रमुख के रूप में पहला कार्यकाल होगा। चुनावी हलफ नामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 8 करोड़ 81 लाख 64 हजार 699 रुपए है। उन्होंने कांग्रेस की प्रकाश बुडानिया को पांच मतों से पराजित किया।
चूरू जिला परिषद में कुल 39 सीटें हैं। चुनाव में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और माकपा ने एक सीट जीती थी। संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, लेकिन जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी अपने ही सदस्यों का समर्थन नहीं जुटा पाई। मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी को 17 और भाजपा प्रत्याशी को 22 वोट मिले। इससे कांग्रेस के चार सदस्यों की क्रॉस वोटिंग और माकपा के एक सदस्य के वोट सहित भाजपा को मिले अतिरिक्त समर्थन का गणित सामने आया है।
चूरू जिले की पंचायत राजनीति में यह पहला मौका नहीं है, जब बहुमत के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा हो। पिछले पंचायत चुनाव में भी प्रधान पद के लिए कांग्रेस के पास बहुमत था, लेकिन राजेंद्र राठौड़ की रणनीति के चलते कांग्रेस के दीपचंद राहड़ को हार का सामना करना पड़ा था और भाजपा का उम्मीदवार प्रधान बना था। जिला प्रमुख चुनाव में भी इसी तरह संख्या बल के बावजूद कांग्रेस को सत्ता गंवानी पड़ी।
चूरू जिला परिषद के इतिहास पर नजर डालें तो वर्ष 1959 से 2005 तक करीब 46 साल जिला प्रमुख पद कांग्रेस के पास रहा। वर्ष 2005 से 2009 तक भाजपा ने कमान संभाली। इसके बाद 2009 से 2015 तक कांग्रेस और 2015 से 2025 तक लगातार दस साल भाजपा का जिला प्रमुख रहा। अब एक बार फिर भाजपा ने जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा बरकरार रखा है।
जिला प्रमुख चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिले के 143 पुलिस जवानों का जाप्ता तैनात रहा। नामांकन से लेकर मतदान और परिणाम घोषित होने तक पुलिस बल मुस्तैद रहा।
कांग्रेस के लिए यह चुनाव केवल जिला प्रमुख बनाने का नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर एकजुटता और सियासी प्रबंधन की परीक्षा भी था। सांसद राहुल कस्वां, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया, पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया और कांग्रेस के दिग्गज नेता नरेन्द्र बुडानियां जैसे नेताओं की मौजूदगी के बावजूद पार्टी अपने सदस्यों को एकजुट रखने में सफल नहीं हो सकी। जिला प्रमुख के चेहरे पर सहमति बनाने से लेकर अंतिम समय तक सदस्यों का समर्थन कायम रखने की चुनौती कांग्रेस के सामने बनी रही।
नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कनिका सिंह पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ की पुत्रवधू हैं। उनकी जीत को चूरू की राजनीति में राठौड़ परिवार के प्रभाव और भाजपा की रणनीतिक सफ लता के रूप में भी देखा जा रहा है। चुनाव से पहले कांग्रेस के बहुमत को देखते हुए मुकाबला उसके पक्ष में माना जा रहा था, लेकिन मतदान के दौरान बदले समीकरणों ने परिणाम भाजपा के पक्ष में कर दिया। जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा की इस जीत ने जिले में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी नजरें जिला परिषद के आगामी कामकाज और नई जिला प्रमुख की प्राथमिकताओं पर रहेंगी।
चुनाव से पहले कांग्रेस में जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर शुरू से ही खींचतान चल रही थी। प्रकाश देवी बुडानिया सहित तीन नाम दावेदारी की दौड़ में थे। एक ही पद के लिए कई दावेदार होने से पार्टी के भीतर खेमेबाजी और आपसी सहमति का संकट बना रहा। दूसरी ओर भाजपा में शुरुआत से ही कनिका सिंह का नाम सामने था। पार्टी ने चेहरे को लेकर कोई असमंजस नहीं दिखाया और एक नाम पर अपनी रणनीति केंद्रित रखी।
वर्ष 1959 से अब तक कांग्रेस के 9 और भाजपा के 5 चूरू जिला प्रमुख बने
अब तक रहे जिला प्रमुखों की सूची
| क्र.सं. | नाम | वर्ष | पार्टी |
|---|---|---|---|
| 1 | रावतराम आर्य | 1959 | कांग्रेस |
| 2 | शीशराम चौधरी | 1961 | कांग्रेस |
| 3 | ईशरराम चौधरी | 1965 | कांग्रेस |
| 4 | लूणाराम सहारण | 1982 | कांग्रेस |
| 5 | विचित्र कुमार | 1988 | कांग्रेस |
| 6 | डॉ. बनारसी मेघवाल | 1995 | कांग्रेस |
| 7 | रामदेव सिंह ढाका | 2000 | कांग्रेस |
| 8 | कमला कस्वां | 2005 | भाजपा |
| 9 | विजय कुमार शर्मा (कार्यवाहक) | 2005 | भाजपा |
| 10 | भंवरलाल पुजारी | 2009 | कांग्रेस |
| 11 | कौशल्या पूनिया | 2010 | कांग्रेस |
| 12 | हरलाल सहारण | 2015 | भाजपा |
| 13 | वंदना आर्य | 2020 | भाजपा |
| 14 | प्रशासक | 2025 | — |
| 15 | कनिका सिंह | 2026 | भाजपा |
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Nov 2026, 12:39 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 12:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allचूरू
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026




