23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Churu / पहली बार चूरू जिला परिषद पहुंचे 35 नए चेहरे, पराक्रम राठौड़ की सबसे बड़ी जीत; रोचक हुआ जिला प्रमुख चुनाव

पहली बार चूरू जिला परिषद पहुंचे 35 नए चेहरे, पराक्रम राठौड़ की सबसे बड़ी जीत; रोचक हुआ जिला प्रमुख चुनाव

चूरू जिला परिषद चुनाव में वार्ड 39 से भाजपा के पराक्रम सिंह राठौड़ पहली बार चुनाव लड़कर 7810 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यह चूरू जिला परिषद चुनाव में सबसे बड़ी जीत है।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चूरू

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 23 Nov 2026, 1:54 PM IST

churu jila pramukh chuna

चूरू में चुनाव के बीच जगह-जगह मतदान केंद्रों पर ऐसे नजारे दिखे। Photo- Patrika

चूरू जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने गांवों की सरकार में नए चेहरों और राजनीतिक अनुभव का दिलचस्प समीकरण खड़ा किया है। जिला परिषद की कुल 39 सीटों में कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और माकपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि निर्वाचित सदस्यों में 35 पहली बार जिला परिषद पहुंचे हैं। इनमें किसी ने सामाजिक कार्यों के दम पर राजनीति में अपनी जगह बनाई तो किसी को परिवार की राजनीतिक विरासत का सहारा मिला। वहीं कुछ ऐसे चेहरे भी हैं, जिनकी राजनीतिक यात्रा किसान आंदोलनों, ग्रामीण समस्याओं और सामाजिक सरोकारों से होकर गुजरी है। नए चेहरों के बीच राजनीतिक विरासत और अनुभव रखने वाले 4 सदस्यों की मौजूदगी ने जिला प्रमुख पद के चुनाव को भी रोचक बना दिया है। चुनाव परिणाम के बाद अब राजनीतिक दलों में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर जोड़-तोड़ तेज होने लगी है।

कांग्रेस के 19 और भाजपा के 15 नए चेहरे

सूत्रों की माने तो जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस के 19 और भाजपा के 15 व एक माकपा प्रत्याशी ने पहली बार जीत दर्ज की है। इनमें कांग्रेस की 10 महिलाएं और 8 पुरुष, जबकि भाजपा की 10 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। इस तरह दोनों प्रमुख दलों से पहली बार निर्वाचित होने वालों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक रही।

आठ वार्डों में सात नए चेहरे, अनु बाला शर्मा को राजनीतिक अनुभव

जिला परिषद चुनाव में सरदारशहर के आठ वार्डों में कांग्रेस और भाजपा ने चार-चार सीटें जीती हैं। वार्डवार परिणामों में वार्ड 1 से कमला मेघवालए वार्ड 2 से संतोष पोटलियाए वार्ड 3 से अनु बाला शर्माए वार्ड 4 से खीयाराम नायकए वार्ड 5 से बबीता पूनियांए वार्ड 6 से प्रशांत चाहरए वार्ड 7 से ओमप्रकाश डूडी और वार्ड 8 से पूजा बोहरा जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इनमें सात सदस्य पहली बार जिला परिषद पहुंचे हैं। वार्ड 3 की अनु बाला शर्मा इससे पहले दो बार पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं।

पराक्रम सिंह राठौड़ और संतोष मेघवाल पहली बार जीते

वार्ड 39 से भाजपा के पराक्रम सिंह राठौड़ पहली बार चुनाव लड़कर 7810 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। यह चूरू जिला परिषद चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। वार्ड 11 से भाजपा की संतोष मेघवाल दूसरी बार प्रधान बनने के बाद अब जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुई हैं। वर्ष 2015 में पंचायत समिति सदस्य बनी थी। 2023 में भाजपा से सुजानगढ़ विधानसभा चुनाव भी लड़ चुकी हैं।

सादुलपुर के तीन वार्डों में पहली बार चुनाव जीतकर जिला परिषद पहुंचे नए चेहरे

सादुलपुर: जिला परिषद चुनाव में वार्ड 27 से शिशुपाल सिंह पूनिया, वार्ड 28 से नरेंद्र पूनिया उर्फ टीनू और वार्ड 32 से रेनू रेडू ने पहली बार चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की है। शिशुपाल सिंह पूनिया सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों में सक्रिय रहे हैं। नरेंद्र पूनिया सामाजिक कार्यकर्ता हैं और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। वहीं रेनू रेडू बीए, बीएड शिक्षित हैं। उन्होंने महिला शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और गांवों के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता बताया है।

सुजानगढ़ के चार वार्डों में नए चेहरे, छोटूलाल दूसरी बार

सुजानगढ़। क्षेत्र के जिला परिषद वार्ड 15 से छोटूलाल बिशोर, वार्ड 16 से परमा देवी मेघवाल, वार्ड 17 से ओमप्रकाश मेघवाल और वार्ड 18 से नारायणी देवी चाहर निर्वाचित हुए हैं। वार्ड 15 से छोटूलाल बिशोर ने 100 मतों से भाजपा प्रत्याशी को हराया। वे सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हैं। वार्ड 16 से परमा देवी ने 579, वार्ड 17 से ओमप्रकाश मेघवाल ने 551 तथा वार्ड 18 से नारायणी देवी चाहर ने 3166 मतों से जीत दर्ज की। इनमें ओमप्रकाश शिक्षित कारोबारी हैं, जबकि नारायणी देवी खेती और क्रेशर व्यवसाय संभालती हैं।

किसान परिवार से जिला परिषद तक पहुंची सुमन प्रजापत

तारानगर: वार्ड 36 से माकपा की सुमन प्रजापत ने पहली बार चुनाव लड़कर 758 मतों से जीत दर्ज की। वे 12वीं तक शिक्षित हैं और किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। खेती किसानी के कार्यों में सक्रिय सुमन का राजनीतिक सफ र पारिवारिक राजनीतिक विरासत के बजाय सामाजिक जुड़ाव से आगे बढ़ा। उनके पति निर्मल कुमार माकपा की राज्य कमेटी और अखिल भारतीय किसान सभा से जुड़े हैं। वे तारानगर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं।

रतनगढ़ के तीन वार्डों से महिला प्रत्याशी जिला परिषद पहुंची

रतनगढ़: वार्ड 10 से कनिका राठौड़, वार्ड 19 से कमला रुलानिया और वार्ड 20 से मंजू कंवर सदस्य निर्वाचित हुई हैं। कनिका राठौड़ ने पहली बार चुनाव लड़कर 1085 मतों से जीत दर्ज की। वे अंग्रेजी विषय में स्नातकोत्तर हैं। कमला रुलानिया इससे पहले पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं, जबकि उनके पति राजेश रुलानिया भी पंचायत समिति सदस्य रहे हैं। वार्ड 20 से विजयी मंजू कंवर कांग्रेस नेता कल्याण सिंह शेखावत की पत्नी हैं। कल्याण सिंह तीन बार पंचायत समिति सदस्य रह चुके हैं।

पहले पंचायत समिति सदस्य अब पहुंचे जिला परिषद

कातर: जिला परिषद के वार्ड 14 से कांग्रेस प्रत्याशी रमेश कुमार ने जीत दर्ज की है। जोगलसर निवासी विजेता प्रत्याशी बीए शिक्षित हैं। इससे पहले पिछले चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। इस बार जिला परिषद चुनाव जीतकर उन्होंने जिला स्तर पर जनप्रतिनिधित्व की नई जिम्मेदारी हासिल की है।

पंचायत से विधानसभा तक का अनुभव

बीदासर: वार्ड 11 से निर्वाचित संतोष मेघवाल के पास पंचायत राज और विधानसभा चुनाव का अनुभव है। वे पंचायत समिति सदस्य और प्रधान रह चुकी हैं। इसके अलावा विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में भी चुनाव लड़ चुकी हैं। वहीं रतनगढ़ के लाछड़सर निवासी 72 वर्षीय भजनदास स्वामी भी लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ जिला परिषद पहुंचे हैं। वे सरपंच रह चुके हैं और उनकी पत्नी भी गांव की सरपंच रही हैं।