15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : दुबई सड़क हादसे ने छीने चूरू के 3 लाल, एक साथ उठी अर्थियां, शोक में डूबा पूरा गांव; महिलाओं से छिपाई गई थी खबर

Dubai Road Accidents : चूरू. दुबई में हुए सड़क हादसे ने चूरू जिले के दादू गांव के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में जान गंवाने वाले अमीलाल, धर्मपाल और नरेन्द्र के शव पंद्रह दिन बाद गांव पहुंचे। शनिवार को अमीलाल और रविवार को धर्मपाल व नरेन्द्र के पार्थिव शरीर पहुंचे। एक साथ तीन घरों से अर्थियां उठीं तो पूरा गांव शोक में डूब गया।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चूरू

•

image

Sanjay Kumar Srivastava

•

Updated: 15 Nov 2026, 9:24 PM IST

dubai road accident churu dadu gaon 3 sons death entire village sad

Dubai Road Accidents : चूरू. अमीलाल झाझड़िया, नरेन्द्र झाझड़िया, धर्मपाल झाझड़िया (सभी मृतक)। फोटो पत्रिका

Dubai Road Accidents : चूरू. दुबई में हुए सड़क हादसे ने चूरू जिले के दादू गांव के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे में जान गंवाने वाले अमीलाल, धर्मपाल और नरेन्द्र के शव पंद्रह दिन बाद गांव पहुंचे। शनिवार को अमीलाल और रविवार को धर्मपाल व नरेन्द्र के पार्थिव शरीर पहुंचे। एक साथ तीन घरों से अर्थियां उठीं तो पूरा गांव शोक में डूब गया। मृतकों में कोई पांच दिन पहले ही रोजगार की तलाश में विदेश पहुंचा था तो कोई 11 साल से परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए दुबई में काम कर रहा था। दुबई में काम करने वाले गांव के कृष्ण झाझड़िया के अनुसार, 1 नवंबर को रविवार की छुट्टी पर धर्मपाल झाझड़िया (40 वर्ष) पुत्र सुभाष अपने साथियों अमीलाल झाझड़िया (40 वर्ष) पुत्र फुलराम, नरेन्द्र झाझड़िया (30 वर्ष), विजेन्द्र सिंह (35 वर्ष) पुत्र भैराराम और ओमप्रकाश मेघवाल के साथ कार से कैंप गया था। सभी ने दिनभर साथ समय बिताया। शाम को धर्मपाल चारों साथियों को कंपनी के कमरे पर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान दुबई के जबजा क्षेत्र में एक मोड़ पर उनकी कार सामने से आ रहे ट्रोले से टकरा गई। हादसे में अमीलाल, नरेन्द्र और धर्मपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजेन्द्र गंभीर घायल हो गया। ओमप्रकाश बाल-बाल बच गया। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

भाइयों ने संभाली शव लाने की जिम्मेदारी

हादसे की सूचना दुबई में ही काम कर रहे विजेन्द्र के बड़े भाई श्रीचन्द और धर्मपाल के छोटे भाई कृष्ण को मिली। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल विजेन्द्र की स्थिति जानी। उसके उपचार का सिलसिला जारी है। मृतकों के शव भारत लाने की प्रक्रिया धर्मपाल के फूफा के बेटे चूरू निवासी राकेश मील और विजेन्द्र के बड़े भाई श्रीचन्द ने पूरी करवाई। शनिवार को अमीलाल का शव गांव पहुंचा, जबकि रविवार को धर्मपाल और नरेन्द्र के पार्थिव शरीर पहुंचे। इसके बाद गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया।

किसी ने पहली बार तो किसी ने 11 साल से संभाल रखी थी जिम्मेदारी

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की विदेश में रोजगार की कहानी भी अलग-अलग थी। अमीलाल करीब सात महीने पहले पहली बार दुबई गया था और एक कंपनी में मजदूरी करता था। नरेन्द्र 24 अक्टूबर को ही दुबई पहुंचा था। हादसे से महज पांच दिन पहले उसने वहां काम शुरू किया था। धर्मपाल पिछले 11 वर्षों से दुबई की अजीजी कंपनी में बस चालक था। वहीं विजेन्द्र छह महीने पहले ट्रांसगार्ड कंपनी में नौकरी करने गया था। ओमप्रकाश भी दुबई में एक कंपनी में कार्यरत है।

परिवार को संभालने के लिए महिलाओं से छिपाई खबर

हादसे की भयावहता को देखते हुए परिजनों ने पहले परिवार की महिलाओं को इसकी जानकारी नहीं दी। विजेन्द्र का बड़ा भाई श्रीचन्द 12 नवंबर की रात गांव पहुंचा और परिवार के प्रमुख सदस्यों को घटना बताई। परिवार को संभालने के लिए खबर गोपनीय रखी गई। शनिवार को अमीलाल का शव गांव पहुंचने के बाद महिलाओं को भी हादसे की जानकारी दी गई। इसके बाद घरों में कोहराम मच गया। रविवार को धर्मपाल और नरेन्द्र के शव पहुंचने पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

किसी के सिर से उठा पिता का साया, किसी की बेटी हुई बेसहारा

हादसे ने तीन परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। अमीलाल अपने पीछे 15 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। दोनों झुंझुनूं में पढ़ाई कर रहे हैं। धर्मपाल अविवाहित था। वहीं नरेन्द्र की एक साल की मासूम बेटी है और उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। अबोध बेटी को शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसके पिता कभी लौटकर नहीं आएंगे। आने वाले दिनों में परिवार में नए सदस्य का आगमन होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पिता का साया उठ गया। ग्रामीणों के अनुसार अमीलाल, धर्मपाल और विजेन्द्र के सिर से पहले ही पिता का साया उठ चुका था। तीन युवकों की असमय मौत ने दांदू गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जुटाई जा रही है जानकारी

दुबई में सड़क हादसे में चूरू जिले के दांदू गांव के तीन युवकों की मौत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिली है। हादसे में घायल युवक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
निश्चय प्रसाद एम, एसपी, चूरू