13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Churu News: दोस्त ही निकला हत्यारा, सीने में गोली मारकर जोहड़ में फेंका था शव, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

चूरू जिले के सादुलपुर क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को खून में बदलने वाली वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सूरतपुरा की रोही स्थित नीमवाला जोहड़ी में मिले युवक अनिल उर्फ मोलड़ के खून से लथपथ शव के मामले में उसका दोस्त ही हत्यारा निकला।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चूरू

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 13 Nov 2026, 7:58 PM IST

Churu Crime

Churu Crime: पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो-पत्रिका)

चूरू। हरियाणा बॉर्डर के निकट सादुलपुर तहसील के गांव सूरतपुरा की रोही स्थित नीमवाला जोहड़ में मिले युवक के खून से लथपथ शव के मामले में पुलिस ने हत्या की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने दोस्त के सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छिपाने तथा शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से हत्या के बाद शव तहसील के गांव सूरतपुरा की रोही में स्थित जोहड़ में फेंक दिया था।

थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश (28) उर्फ मोनू पुत्र कुलदीप निवासी रोढां, थाना बहल, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों साथ रहते थे तथा दोस्त थे। दोनों के पास अवैध हथियार थे। मामूली कहासुनी के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया, जो बढ़कर हत्या तक पहुंच गया।

जोहड़ी की पाल के पास खाई में मिला था शव

थानाधिकारी ने बताया कि 7 नवंबर की सुबह सूचना मिली कि गांव सूरतपुरा की रोही स्थित नीमवाला जोहड़ी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंची तो जोहड़ी की पाल के पास बनी खाई में एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की छाती में गोली मारकर हत्या की गई थी। पुलिस को आशंका थी कि हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया है।

सोशल मीडिया और मुखबिर तंत्र से हुई पहचान

पुलिस ने सोशल मीडिया एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से मृतक की पहचान अनिल उर्फ मोलड़ पुत्र ओमप्रकाश निवासी बिधवान, थाना सिवानी, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में की। चूरू से एफएसएल टीम को बुलाया गया । मृतक के भाई सुनील ने अनिल को घर से बुलाकर ले जाने तथा उसकी हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था।

एसपी के निर्देश पर गठित की विशेष टीम

जिला पुलिस अधीक्षक चूरू निश्चय प्रसाद एम ने आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण एवं पुलिस उप अधीक्षक राजगढ़ हरिसिंह धायल के सुपरविजन में राजगढ़ थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने जांच के दौरान विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई तथा सीमावर्ती हरियाणा क्षेत्र में कई संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वांछित आरोपी रमेश उर्फ मोनू को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के कारणों और हथियार की तलाश जारी

आरोपी से गहन पूछताछ एवं अनुसंधान किया जा रहा है। हत्या के पीछे के कारणों, वारदात में प्रयुक्त हथियार तथा शव को घटनास्थल तक लाने सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में राजगढ़ थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिहाग के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रभुराम, सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, कांस्टेबल कुलदीप, संदीप कुमार, रवि कुमार, सचिन कुमार एवं राहुल शामिल रहे।

यह वीडियो भी देखें :