16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान के इस गांव में चौथे चरण में भी नहीं हो पाया सरपंच चुनाव, बिना चुनाव करवाए लौटी पोलिंग पार्टी

Rajasthan Sarpanch Election: चूरू जिले की ग्राम पंचायत लुदी झाबर में सरपंच पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी और मतदान करवाए बिना ही पोलिंग पार्टी वापस लौट गई। जानिए कारण-
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चूरू

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 16 Nov 2026, 5:30 PM IST

लुदी झाबर ग्राम पंचायत

सादुलपुर लुदी झाबर ग्राम पंचायत में तीनों प्रत्याशियों की आवेदन पत्र निरस्त होने के बाद बिना चुनाव करवाए लौटी पोलिंग पार्टी.

Rajasthan Sarpanch Election: सादुलपुर। राजगढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लुदी झाबर में जहां तीसरे चरण में सरपंच पद का चुनाव नहीं होने पर जिले में चल रहे चौथे चरण के चुनाव में यहां निर्वाचन आयोग ने एक फिर सरपंच पद के लिए चुनाव करवाने की प्रक्रिया शुरू की। 15 नवम्बर को लुदी झाबर में सरपंच पद के लिए बतौर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई तथा लुटाणा सदासुख के तीन अभ्यर्थियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इसके बाद हुई संवीक्षा में तीनों नामांकन पत्र अस्वीकार कर दिए गए और मतदान दल को बिना चुनाव करवाएं वापस लौटना पड़ा।

ग्राम पंचायत लुदी झाबर में सरपंच पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया में असामान्य स्थिति सामने आई। बताया जा रहा है कि पूरी ग्राम पंचायत में एसटी वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है। ऐसी स्थिति में सरपंच पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी और मतदान करवाए बिना ही पोलिंग पार्टी वापस लौट गई।

इस घटनाक्रम ने पंचायत में सरपंच पद के आरक्षण और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब इस मामले में निर्वाचन विभाग एवं जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। विशेष बात यह रही जिस ग्राम पंचायत में एसटी वर्ग का एक भी मतदाता नहीं है, वहां एसटी के लिए आरक्षित सरपंच पद पर चुनाव नहीं हो पाना निर्वाचन व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मामला बन गया है।

तीसरे चरण के चुनाव के दौरान अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षण निर्धारित होने के कारण सरपंच पद पर कोई नामांकन दाखिल नहीं हो पाया था। ऐसे में चौथे चरण के चुनाव के साथ यहां सरपंच पद के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। रविवार को तीन अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान तीनों आवेदन अस्वीकार कर दिए गए।

तीन जनों ने दाखिल किए नामांकन

नामांकन दाखिल करने वालों में पूजा पत्नी कृष्ण कुमार, मोहर सिंह पुत्र कुरड़ाराम तथा राजकुमार पुत्र कुरड़ाराम, तीनों निवासी लुटाणा सदासुख शामिल रहे। तीनों अभ्यर्थियों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सरपंच पद के लिए दावेदारी जताई। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्राप्त तीनों आवेदनों की जांच एवं संवीक्षा की गई। संवीक्षा के दौरान तीनों नामांकन पत्र अस्वीकार कर दिए गए। इसके साथ ही सरपंच पद के लिए दाखिल तीनों आवेदन निरस्त हो गए।

पहले भी नहीं हो पाया था चुनाव

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत लुद्दी झाबर में सरपंच पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण पंचायत चुनाव 2026 के आम चुनाव में कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ था। इसके चलते सरपंच पद रिक्त रह गया और अब उपचुनाव की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

उपचुनाव के दौरान तीन नामांकन आने से चुनाव को लेकर उम्मीद जगी थी, लेकिन संवीक्षा में तीनों आवेदन निरस्त होने से एक बार फिर सरपंच पद का निर्वाचन चर्चा का विषय बन गया है। अब सभी की निगाहें निर्वाचन विभाग की आगामी कार्रवाई और चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण पर टिकी हैं।

इनका कहना है

लुदी झाबर ग्राम पंचायत अंतर्गत उपचुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों ने आवेदन पत्र दाखिल किए थे, तथा तीनों ही निरस्त हो जाने की स्थिति में चुनाव नहीं हो पाया अब निर्वाचन आयोग के आगामी आदेशों के बाद ही निर्वाचन की प्रक्रिया हो सकेगी।

  • डॉ मनोज खेमदा, रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम सादुलपुर चूरू