
Churu Double Murder Case : चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र के चंगोई गांव में बेटे-बहू की जीप से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित पिता रामचंद्र जाट को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। बहू के पिता शीशराम की रिपोर्ट पर रामचंद्र, उसकी पत्नी धर्मा देवी सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घायल धर्मा देवी का पुलिस निगरानी में उपचार जारी है। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। बुधवार शाम मृतक दंपती का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी 11 वर्षीय बेटी मितारिका को ननिहाल पक्ष मेलूसर ले गया है। यह दृश्य देखकर ग्रामीण और परिजन अपने आंसू न रोक सके। पूरा इलाका गमगीन हो गया था।
सीआइ पुष्पेंद्र सिंह के अनुसार, घरेलू विवाद और सरपंच चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच रामचंद्र पर बेटे रविंद्र जाट (40 वर्ष) और पुत्रवधू महेंद्र देवी (35 वर्ष) को बोलेरो जीप से कुचलकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद हिरासत में लिए गए रामचंद्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मैलूसर निवासी शीशराम जाट ने बताया कि उनकी बेटी महेंद्र देवी (35) की शादी करीब 15 साल पहले रविंद्र पुत्र रामचंद्र जाट निवासी चंगोई के साथ हुई थी। दंपती की 11 वर्षीय बेटी मीतारिका है। रविंद्र की लंबे समय से अपने पिता रामचंद्र के साथ अनबन चल रही थी।
इस वारदात की चश्मदीद गवाह दंपती की 11 वर्षीय बेटी मीतारिका बनी। रिपोर्ट में बताया गया कि माता-पिता को गंभीर हालत में देखकर बच्ची जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगी। वह गुहार लगाती रही कि दादा-दादी, मेरे मां-बाप को मत मारो। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी गाड़ी लेकर जा चुका था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
यह घटना तारा नगर में पंचायत चुनावों से पहले हुई है। राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनावों के चौथे चरण के तहत गांव में पंच और सरपंच के पदों के लिए 16 नवंबर को वोटिंग होनी है। हाल ही में चांगोई को एक नई ग्राम पंचायत घोषित किया गया था। बताया जा रहा है कि इस बदलाव के बाद रामचंद्र ने सरपंच का चुनाव लड़ने का पक्का इरादा कर लिया था। पुलिस इस घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है। चंगोई में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच हुई इस वारदात ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।