
चूरू। जिले के तारानगर क्षेत्र के चंगोई गांव में बेटे और बहू की हत्या के मामले में पारिवारिक विवाद की कई परतें सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी रामचंद्र जाट सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, जबकि उसका इकलौता बेटा रविंद्र जाट इसका विरोध कर रहा था। रिपोर्ट में रामचंद्र के गांव की एक महिला से कथित संबंधों का भी जिक्र है। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। आरोप है कि गुस्से में रामचंद्र ने बोलेरो जीप से अपने बेटे रविंद्र और बहू महेंद्र देवी को कुचलकर मार डाला।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मैलूसर निवासी शीशराम जाट की बेटी महेंद्र देवी की शादी करीब 15 साल पहले चंगोई निवासी रविंद्र जाट से हुई थी। दंपती की 11 वर्षीय बेटी मीतारिका है। रविंद्र और उसके पिता रामचंद्र के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी।
मंगलवार रात दोनों गांव के धर्मकांटे पर बैठे थे। रामचंद्र सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन रविंद्र इसके खिलाफ था। रिपोर्ट के मुताबिक, रविंद्र ने पिता से कहा कि गांव में उनका चाल-चलन ठीक नहीं है, ऐसे में उन्हें वोट कौन देगा? पिता के कथित संबंधों को लेकर कही गई इस बात से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रामचंद्र ने बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर आरोपी की बहू महेंद्र देवी धर्मकांटे पहुंची और बीच-बचाव किया। इसके बाद वह अपने पति रविंद्र को लेकर घर जाने लगी।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की बहू महेंद्र देवी और इकलौता बेटा रविंद्र कुछ दूर ही पहुंचे थे कि पीछे से रामचंद्र अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ बोलेरो जीप लेकर आया। आरोप है कि उसने दंपती को टक्कर मारने के बाद गाड़ी उनके ऊपर चढ़ा दी। इसके बाद वाहन पीछे किया और दोबारा से दोनों को रौंदा। गंभीर चोटों के कारण दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि दंपती की 11 वर्षीय बेटी मीतारिका भी पीछे आ रही थी। माता-पिता को खून से लथपथ देखकर वह चीखने-चिल्लाने लगी और दादा-दादी से उन्हें नहीं मारने की गुहार लगाती रही। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से जा चुका था।
मामले में सरपंच चुनाव और महिला से कथित संबंधों के अलावा पारिवारिक रंजिश की अन्य बातें भी रिपोर्ट में सामने आई हैं। रविंद्र और उसके ताऊ के बेटे रामवीर के बीच 10 लाख रुपए के लेन-देन का विवाद बताया गया है। रिपोर्ट में रामवीर की ओर से रविंद्र को जान से मारने की धमकियां दिए जाने का भी जिक्र है। इसके अलावा रामचंद्र की बेटी सुमन के साथ रविंद्र की रंजिश की बात भी सामने आई है। इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
तारानगर डीएसपी रोहित सांखला के अनुसार, शुरुआत में पुलिस को वाहन की टक्कर से हादसा होने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज और जांच में हत्या का मामला सामने आया। मृतका महेंद्र देवी के पिता की रिपोर्ट पर हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर रामचंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उधर, तारानगर थाने में आरोपी के साथ मारपीट की कोशिश के मामले में मृतका के भाई नरेश को भी गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह के मुताबिक, आरोपी को शौच के लिए ले जाया जा रहा था, उसी समय अपनी बहन की मौत से नाराज उसके भाई नरेश ने हमला करने का प्रयास किया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। बुधवार शाम चंगोई गांव में रविंद्र और महेंद्र देवी का अंतिम संस्कार किया गया।