चूरू

Churu: सात फेरों के बीच ही पति ने रख दी 2 डिमांड, शादी के बाद देवर और ससुर के साथ मिलकर करता था परेशान, मामला दर्ज

Crime News: चूरू में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विवाहिता ने पति, देवर और ससुर पर मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और दहेज मांगने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के दौरान ही नकदी और कार की मांग रख दी गई थी, जिसके बाद लगातार उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच
2 min read
May 14, 2026
Rajasthan Police
मामला दर्ज करती पुलिस टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Rajasthan Dowry Harassment Case: विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने कोर्ट से प्राप्त परिवाद के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना अधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने बताया कि पीड़िता नेहा कुमारी ने रिपोर्ट दर्ज करवाकर बताया कि उसकी शादी 30 नवंबर 2025 को मोहता वाटिका में हिंदू रीति-रिवाज से विनय पुत्र रमेश कुमार निवासी श्रीगंगानगर के साथ हुई थी।

शादी के दौरान ही रखी गई नकदी और कार की मांग

पीड़िता के अनुसार विवाह समारोह में सात फेरों के बीच ही पति समेत ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपए नकद और कार की मांग रख दी थी। उस समय दोनों परिवारों और रिश्तेदारों की ओर से समझाइश के बाद विवाह सम्पन्न कराया गया। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही उसे कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे और लगातार नकदी व कार की मांग को लेकर दबाव बनाया गया।

शराब पीकर मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप

दर्ज मामले में पीड़िता ने आरोप लगाया कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पति पर शराब पीकर मारपीट करने तथा कई बार गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए हैं। विवाहिता ने बताया कि लखनऊ और श्रीगंगानगर में रहने के दौरान उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार किया गया।

ससुर और देवर पर भी लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता ने अपने ससुर और देवर पर भी प्रताड़ना और धमकाने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था और दहेज की मांग पूरी करने का दबाव बनाया जाता रहा। पीड़िता के अनुसार कई बार दोनों परिवारों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत और समझौते के प्रयास भी किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष ने अपनी मांग वापस नहीं ली।

स्त्रीधन लौटाने से किया इनकार

विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके सोने-चांदी के आभूषण और अन्य स्त्रीधन ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में रख लिए और वापस देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
14 May 2026 11:45 am
Published on:
14 May 2026 11:43 am