चूरू

हनुमान बेनीवाल भरी सभा में क्यों भड़के? गुस्से में मंच पर माइक फेंका, कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए

Hanuman Beniwal Viral Video: राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल चूरू जिले के छापर में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे, लेकिन समारोह के दौरान अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ कि माहौल ही बदल गया।
2 min read
Aug 03, 2026
Hanuman Beniwal
गुस्से में कार्यक्रम छोड़कर जाते हनुमान बेनीवाल। फोटो: पत्रिका

चूरू। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात चूरू जिले के छापर में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे, लेकिन समारोह के दौरान अचानक ऐसा घटनाक्रम हुआ कि माहौल ही बदल गया। गुस्साए बेनीवाल मंच पर ही अपना आपा खो बैठे। उन्होंने गुस्से में माइक फेंक दिया और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर रवाना हो गए। इस घटनाक्रम से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं में हड़कंप मच गया। यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, चूरू जिले के छापर में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हनुमान बेनीवाल मंच से संबोधित करते हुए राजनीतिक विरोधियों पर हमला बोल रहे थे। तभी कुछ युवाओं ने शोर मचाना शुरू कर कर दिया। इस पर हनुमान बेनीवाल नाराज हो गए। उन्होंने कई बार युवाओं को शांत रहने की नसीहत दी। लेकिन, युवा नहीं माने तो उन्होंने वहां से जाने का मन बना लिया।

बार-बार टोकने पर भी नहीं माने युवा

जानकारी के अनुसार नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रात करीब 11.30 बजे आरएलपी के कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे। जहां पर उन्होंने करीब 45 मिनट तक मंच से भाषण दिया। भाषण के बीच उन्होंने चूरू की राजनीति का भी जिक्र किया। भाषण के बीच कुछ युवा लगातार शोरगुल करते रहे। हनुमान बेनीवाल के बार-बार टोकने पर भी युवा नहीं माने और शोरगुल करते रहे। इस पर हनुमान बेनीवाल ने कहा कि मैं दोबारा यहां नहीं आऊंगा। अभी बिना भाषण दिए चला जाऊंगा। उन्होंने मंच से पूछा, क्या किसी विरोधी ने तुम्हें भेजा है? कौन हो तुम लोग? इन्हें चुप कराओ। शर्म नहीं आती।

जमीन पर फेंका माइक और चले गए

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंच से चूरू की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि इस जिले की राजनीति की वजह से मेरी राजस्थान में जगह-जगह दुश्मनी हो गई। जब चूरू के लोगों को मारा गया, तो मैं उनके साथ आया। चूरू के नेता तो कोई बीजेपी में चला गया तो कोई कांग्रेस में शामिल हो गया। तभी शोर मचाने वालों पर भड़क गए और कहा कि लोग तुम्हें सड़कों पर मार रहे हैं, पीट रहे हैं, फिर भी तुम समझदार नहीं बन रहे हो। ये स्कूल के बच्चों को क्यों पकड़कर लाए? यहां क्यों बिठाया है? फिर बोले की अब भाषण नहीं दूंगा। इसके बाद हनुमान बेनीवाल ने मंच पर माइक फेंक दिया और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रहे है। रघु बिश्नोई नाम के यूजर्स ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि क्या एक नेता अपने समर्थकों की उत्साही तक सहन नहीं कर सकता। देर रात हुई हंगामे की में कड़ी निंदा करता हूं। वीर तेजाजी महाराज के पावन मंच पर जो हरकतें हनुमान बेनीवाल ने की वो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष अपनी पार्टी के कार्यालय के उद्घाटन समारोह में जाता है, वहां ऐसी हरकत करके क्या साबित करना चाहते हैं, ये समझ से परे है।

वहीं, विकास यादव नाम के यूजर्स ने एक्स पर लिखा कि हनुमान बेनीवाल ने एक जिम्मेदार_जनप्रतिनिधि होने का परिचय दिया। उन्होंने मंच से बार—बार शांति बनाए रखने की अपील की। जब उन्हें साफ दिख गया कि कुछ लोग जानबूझकर टकराव करवाना चाहते हैं, तब उन्होंने कार्यक्रम से निकलना बेहतर समझा।

Updated on:
03 Aug 2026 01:38 pm
Published on:
03 Aug 2026 01:38 pm