3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जोधपुर में बारिश के बीच हादसा: मकान की छत गिरने से बच्ची की मौत, परिवार के चार लोग घायल

Jodhpur Roof Collapse: राजस्थान के जोधपुर शहर में रिमझिम बारिश के बीच सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कमरे में सो रहे परिवार पर छत की पट्टियां गिरने से 8 साल की बच्ची की मौत हो गई।
3 min read
Google source verification
Jodhpur Roof Collapse

मौके पर मौजूद लोग व इनसेट में कमरे बिखरा मलबा। फोटो: पत्रिका

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर में रिमझिम बारिश के बीच सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कमरे में सो रहे परिवार पर छत की पट्टियां गिरने से 8 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं, परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को जोधपुर के एमजीएच हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ, जब परिवार के लोग कमरे के अंदर सो रहे थे।

जानकारी के मुताबिक ईसाइयका स्कूल नागोरी सिलावटों का बास में हादसा हुआ। सुबह के समय रिमझिम बारिश हो रही थी, तभी कमरे की छत और पट्टियां गिर गई। मलबे में दबने से इरफान खान सहित परिवार के 5 लोग घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

आनन-फानन में मलबे और पट्टियों को हटाकर घायलों को निकाला गया। स्थानीय लोग सभी घायलों को तुरंत जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर गए। जहां पर डॉक्टरों ने 8 साल की बालिका अलसीफा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, परिवार के चार लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है। बता दें कि जोधपुर शहर में रविवार शाम शुरू हुआ बारिश का दौर रातभर रुक-रुककर जारी रहा। ऐसे में मकान की छत पर पानी भर गया। जिसके चलते बड़ा हादसा हो गया।

जोधपुर में बदला हुआ है मौसम का मिजाज

जोधपुर शहर में सावन के पहले सोमवार की शुरुआत सुहाने मौसम के साथ हुई। सुबह से ही शहर में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम खुशनुमा बना हुआ है। कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। इससे पहले रविवार दोपहर बाद जोधपुर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। मानसून की मेहरबानी से मौसम पूरी तरह बदल गया और उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, झमाझम बारिश के कारण शहर में कई जगह सड़कें जलमग्न हो गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा, जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कों पर पानी बह निकला।

घंटेभर की झमाझम से लूणी तरबतर

लूणी कस्बे सहित आसपास के कई गांवों में रविवार दोपहर करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। सड़कों और गलियों में पानी बहने लगा, जबकि निचले इलाकों में जलभराव हो गया। दोपहर में गर्मी और उमस के बाद करीब दो बजे बारिश शुरू हुई, जो एक घंटे से अधिक समय तक जारी रही। तालाब रोड और वार्ड संख्या-7 में घरों के बाहर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कस्बे के रेलवे के चारों अंडरब्रिज में पानी भर जाने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश से क्षेत्र के तालाबों में अच्छी आवक हुई और खेतों में पानी भरने से खरीफ फसलों को लाभ मिला। शिकारपुरा, कांकाणी, खेजड़ली, बिरामी, मोदी जोशियान, भटिंडा, सजाड़ा, सतलाना, सर और सरेचा सहित कई गांवों में भी अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे।

अगले दो-तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर से आया सिस्टम दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पहुंचते-पहुंचते कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया। इसी दौरान मानसून ट्रफ लाइन सामान्य स्थिति में रहने से जोधपुर सहित पश्चिमी राजस्थान में अच्छी बारिश हुई। हालांकि सोमवार से ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर खिसकने के साथ बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है। अगले दो-तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है।