2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Cyber ​​Crime: एक क्लिक… और 15.64 लाख साफ, जोधपुर में पेंशन अपडेट के बहाने ठगों ने बुजुर्ग का बैंक खाता किया खाली

Jodhpur Cyber ​​Crime: साइबर ठग अब लोगों की वर्षों की जमा-पूंजी पर सेंध लगाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। राजस्थान के जोधपुर शहर में एक बुजुर्ग व्यक्ति को व्हाट्सऐप पर पेंशन अपडेट और फ्लाइट, बस व ट्रेन टिकट बुकिंग की सुविधा का झांसा देकर फर्जी लिंक भेजा गया।
2 min read
Google source verification
Jodhpur cyber crime news

प्रतीकात्मक तस्वीर

जोधपुर। साइबर ठग अब लोगों की वर्षों की जमा-पूंजी पर सेंध लगाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। जोधपुर शहर में एक बुजुर्ग व्यक्ति को पेंशन अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 15.64 लाख रुपए ठग लिए। जानकारी के मुता​बिक पेंशन अपडेट कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग को व्हाट्सऐप पर लिंक भेजा। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, मोबाइल स्क्रीन हैक हो गई और ठगों ने बैंक खाते तक पहुंच बना ली।

इसके बाद कुछ ही देर में बैंक खाते से 15 लाख 64 हजार रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए निकाल लिए गए। व्हाट्सऐप पर पेंशन अपडेट और फ्लाइट, बस व ट्रेन टिकट बुकिंग की सुविधा का झांसा देकर भी फर्जी लिंक भेजा गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल, साइबर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करे, वरना नुकसान हो सकता है।

जोधपुर शह​र में रातानाडा थाना क्षेत्र के उम्मेद हेरिटेज निवासी श्रीपाल काला (71) ने साइबर थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 26 जुलाई को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। उसमें पेंशन संबंधी सुविधा और ऑनलाइन टिकट बुकिंग का लिंक भेजा गया था। भरोसा कर उन्होंने लिंक पर क्लिक कर दिया।

बैंक खाते से लगातार रकम कटने के संदेश आने लगे

इसके बाद मोबाइल की स्क्रीन काम नहीं करने लगी और कुछ ही देर में बैंक खाते से लगातार रकम कटने के संदेश आने लगे। पीड़ित ने बताया कि ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 15.64 लाख रुपए निकाल लिए। रकम कटने का पता चलते ही उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया और साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सावधानी जरूरी

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार पेंशन अपडेट, केवाईसी, बैंक वेरिफिकेशन या टिकट बुकिंग के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। किसी भी संदिग्ध संदेश की पुष्टि संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से ही करें।