टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले अर्शदीप सिंह का टीम हर्डल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में होने वाले खिताबी मुकाबले से पहले टीम इंडिया पूरी तरह तैयार नजर आ रही है।
IND vs NZ T20 World Cup 2026 Final: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होने वाला है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम जहां चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेलने उतरेगी, तो वहीं न्यूजीलैंड की टीम दूसरी बार खिताबी मुकाबले में चुनौती पेश करेगी। भारतीय टीम दो बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुकी है, जबकि न्यूजीलैंड को अपने पहले खिताब का इंतजार है। दोनों टीमें पूरी तैयारी कर चुकी हैं और अब मैदान पर प्रदर्शन करने और अपनी रणनीति को अमल में लाने की बारी है।
इसी बीच फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, फाइनल से पहले अर्शदीप सिंह ने टीम हर्डल बनाया और उसमें खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर खेलना है। यह नहीं कि किसी ने 50 रन बना दिए और फिर उसका काम खत्म हो गया, या किसी ने चार ओवर डाल दिए और जिम्मेदारी खत्म हो गई। हमें एक टीम की तरह खेलना होगा।
अर्शदीप सिंह ने कहा कि उनका मोटिव यही है कि जब हम अच्छा करें तो उसे एंजॉय करें। एंजॉय का मतलब यह नहीं कि आपने 50 रन बना दिए और वापस आ गए या अपने चार ओवर डाल दिए। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी का कोई न कोई दिन होता है। अगर आपका दिन है तो आपको विरोधियों पर दबाव बनाना होगा और अगर आपका दिन नहीं है तो वापसी करने का रास्ता ढूंढना होगा, क्योंकि जहां चाह है वहां राह है।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अब तक बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं। उनसे उम्मीद है कि फाइनल मुकाबले में वह टीम के लिए अहम पारी खेलेंगे। दूसरी ओर संजू सैमसन और ईशान किशन ने अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव ने फिर निराश किया है। हालांकि हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने उनकी खराब फॉर्म पर पर्दा डालने का काम किया है।
गेंदबाजी की बात करें तो पिछले दो मुकाबलों में वरुण चक्रवर्ती का कमाल देखने को नहीं मिला है, जबकि अर्शदीप सिंह भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए। हालांकि जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी शानदार तरीके से संभाली है।