क्रिकेट

आयुष म्हात्रे का तूफानी शतक, रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक जैसे धुरंधरों के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को किया ध्वस्त

SMAT 2025, Mumbai vs Vidarbha: विदर्भ के खिलाफ मुंबई की तरफ से खेलते हुए आयुष म्हात्रे 110 रन बनाकर नाबाद रहे।
2 min read
Nov 28, 2025
Ayush Mhatre
सैयद मश्ताक अली ट्रॉफी में आयुष म्हात्रे का बल्ला जमकर बोल रहा है। (Photo Credit - IANS)

SMAT 2025, Mumbai vs Vidarbha: मुंबई और विदर्भ के बीच शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के एलीट ग्रुप-ए का मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हराया। मुंबई की इस जीत में युवा क्रिकेटर आयुष म्हात्रे का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए न केवल शतक जड़ा, बल्कि अपना नाम रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज करा लिया।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के एलीट ग्रुप-ए मैच में विदर्भ पर मुंबई की जीत में आयुष म्हात्रे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 49 गेंद में अपना शतक पूरा किया। हालाकि आयुष म्हात्रे 53 गेंद में 8 चौके और 8 छक्के संग 110 रन बनाकर नॉट आउट रहे। इस पारी की बदौलत वे क्रिकेट के सभी प्रारूपों (फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी-20) में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 19 वर्ष 339 दिन की उम्र में क्रिकेट के सभी प्रारूपों में शतक लगाने का कारनामा किया था।

क्रिकेट के सभी प्रारूपों में शतक लगाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर

𝟭𝟴 वर्ष 𝟭𝟯𝟱 दिन - आयुष म्हात्रे (भारत)
19 वर्ष 339 दिन - रोहित शर्मा (भारत
20 वर्ष - उन्मुक्त चंद (भारत)
20 वर्ष 62 दिन - क्विंटन डी कॉक (साउथ अफ्रीका)
20 वर्ष 97 दिन - अहमद शहजाद (पाकिस्तान)

SMAT 2025 में मुंबई की लगातार दूसरी जीत

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार को विदर्भ के खिलाफ मुंबई ने टॉस जीता और बॉलिंग चुनी। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 192 रन बनाए। विदर्भ के लिए अथर्व तायडे (64 रन, 36 गेंद) और अमन मोखाड़े (60 रन, 30 गेंद) ने अर्द्धशतक ठोके। जवाब में मुंबई ने 17.5 ओवर में 3 विकेट पर 194 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई की तरफ से आयुष म्हात्रे ने 53 गेंद में 8 चौकों और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 110 रनों की पारी खेली। SMAT 2025 में मुंबई की लगातार यह दूसरी जीत है। इससे पहले मुंबई ने रेलवे को 7 विकेट से हराया था।

Updated on:
28 Nov 2025 08:11 pm
Published on:
28 Nov 2025 08:07 pm