गुंटूर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है, खुलासा होते ही गुस्साए लोगों ने पुलिस थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के गुंटूर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। घटना का खुलासा होते ही गुस्साए लोगों ने पुलिस थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने पुलिस के सामने आरोपी पर तुंरत कार्रवाई की मांग रखी। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद के अलावा अन्य सहायता देने की मांग की। पुलिस ने 10 वर्षीय पीड़िता को मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
थम नहीं रहा बच्चियों के शोषण का मामला
वहीं, आंध्रप्रदेश में मासूम बच्चियों के शोषण की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इससे पहले विजयवाड़ा में 5 मई को एक नौ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। यहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के ने अपने तीन दोस्तों की मदद से पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना पश्चिमी गोदावरी जिले के टानुकू में तेताली गांव के पास की थी। लड़के ने पीड़िता को चॉकलेट देने का प्रलोभन दिया और एक स्थानीय स्कूल के टॉयलेट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके तीन दोस्तों पर इस घटना के दौरान उसकी मदद करने का आरोप लगा था। यह घटना तब प्रकाश में आई जब लड़की वापस अपने घर आई और उसके अंग से खून निकलने लगा। जब उसके अभिभावक ने उससे इस बारे में पूछा, तो उसने घटना के बारे में बताया।
गुंटूर में पहले भी हो चुकी ऐसी घटना
पीड़िता के परिजनों ने पुलिस के समक्ष यह शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी को पकड़ा गया। बता दें कि राज्य में नाबालिग बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भी गुंटूर जिले के दाचेपल्ले में एक 50 वर्षीय युवक ने एक नौ वर्ष की नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था, इस घटना को लेकर इलाके में लोगों के बीच काफी रोष था। आरोपी रिक्शा चालक शुक्रवार को दाचेपल्ले के नजदीक एक गांव में एक पेड़ पर लटका पाया गया था। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया है।