क्राइम

लिव-इन रिलेशनशिप का झांसा देकर 73 वर्षीय महिला से 57 लाख की ठगी, दिल्ली से आरोपी अनुज तिवारी गिरफ्तार

Elderly Woman Cheated in Dombivli: महाराष्ट्र के डोंबिवली शहर में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए 73 वर्षीय महिला से लिव-इन रिलेशनशिप का झांसा देकर 57 लाख रुपये की ठगी की गई। विष्णुनगर पुलिस ने दिल्ली से आरोपी अनुज तिवारी को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Jul 18, 2026
Dombivli News
डोंबिवली में लिव्ह-इन रिलेशनशिप के नाम पर 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला से धोखाधड़ी (Photo:X/@navarashtra)

Live-in Relationship Scam: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली से ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 73 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने का झांसा देकर 57 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले में विष्णुनगर पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक ‘ठग’ को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने देश के कई राज्यों में इसी तरह कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।

शादी की वेबसाइट पर पहचान, फिर प्यार और साथ रहने का झांसा

पुलिस के अनुसार, डोंबिवली निवासी 73 वर्षीय महिला ने जीवन के अंतिम पड़ाव में साथी की तलाश के लिए एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान उसकी पहचान अनुज तिवारी उर्फ अनुज त्रिवेदी से हुई।

आरोपी ने पहले मीठी-मीठी बातें कर महिला का विश्वास जीता और फिर लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रहने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद उसने कभी घरेलू जरूरत तो कभी मेडिकल इमरजेंसी का हवाला देकर महिला से अलग-अलग समय पर पैसे मांगने शुरू कर दिए। भरोसे में आई महिला ने उसे किस्तों में करीब 57 लाख रुपये दे दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।

जीवनभर की जमा-पूंजी गंवाई, वृद्धाश्रम जाने की नौबत

इस ठगी ने बुजुर्ग महिला की पूरी जिंदगी की जमा-पूंजी खत्म कर दी। आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी महिला के सामने अब आय का कोई साधन नहीं बचा है। बताया जा रहा है कि हालात इतने खराब हो गए हैं कि उन्हें वृद्धाश्रम में रहने की नौबत आ गई है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा रोष है।

दिल्ली से गिरफ्तार हुआ आरोपी, इन महिलाओं को बनाता निशाना

महिला की शिकायत पर विष्णुनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन दिल्ली में मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने दिल्ली पहुंचकर आरोपी अनुज तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है और अलग-अलग नामों से महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। वह मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर अकेली रहने वाली या जीवनसाथी की तलाश कर रही महिलाओं को निशाना बनाता था।

देशभर में कई महिलाओं से ठगी की आशंका

प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में भी इसी तरह कई महिलाओं से ठगी की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अब तक कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया और उनसे कुल कितनी रकम ठगी। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है और विष्णुनगर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Updated on:
18 Jul 2026 08:19 am
Published on:
18 Jul 2026 08:18 am