16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पास में डॉक्टर पति की लाश, घायल बेटा… बिस्तर पर मोबाइल चला रही थी नेत्र रोग विशेषज्ञ पत्नी! धारवाड़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा

Dr Kiran Honannavar Muder Case: कर्नाटक के धारवाड़ में डॉक्टर किरण होनन्नावर की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को शक है कि घरेलू विवाद के चलते डॉक्टर पत्नी ने ही पूरे वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
2 min read
Google source verification
Karnataka doctor murder

धारवाड़ में डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या, बेटा घायल, पत्नी हिरासत में (Photo: IANS)

Karnataka Doctor Murder: कर्नाटक के धारवाड़ में सामने आए डॉक्टर हत्याकांड में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शहर के पॉश इलाके के एक अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर रहने वाले 45 वर्षीय एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होन्नानवर की उनके फ्लैट के अंदर हत्या कर दी गई, जबकि उनका 8 वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी डॉ. प्रियंका, जो पेशे से नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पति की लाश, घायल बेटा... और बिस्तर पर मोबाइल चला रही थी पत्नी

पुलिस के अनुसार, डॉ. किरण के परिजन पूरे दिन उनसे संपर्क करने की कोशिश करते रहे। आरोप है कि उनकी पत्नी प्रियंका ने पहले बताया कि डॉक्टर आराम कर रहे हैं और बाद में कहा कि वे बाहर गए हैं। जब बुधवार शाम तक उनसे संपर्क नहीं हो सका तो परिजन फ्लैट पहुंचे। वहां डॉ. किरण खून से लथपथ पड़े मिले, उनकी गर्दन पर चाकू से घातक हमले के निशान थे। जबकि दूसरे कमरे में उनका घायल बेटा जिंदगी और मौत से जूझ रहा था। बच्चे को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फ्लैट के अंदर घुसी पुलिस तो रह गई दंग!

जांच के दौरान पुलिस ने फ्लैट के अंदर का वीडियो भी बनाया। शुरुआती जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, जब पुलिस फ्लैट में दाखिल हुई तो एक कमरे में डॉक्टर का शव पड़ा था और दूसरे कमरे में मासूम बेटा गंभीर रूप से घायल मिला। वहीं, पुलिस का दावा है कि पत्नी डॉ. प्रियंका बेड पर लेटी हुई मोबाइल चला रही थीं। यह दृश्य देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

फ्लैट में सिर्फ पति, पत्नी और बेटा ही थे मौजूद

हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि यह एक हाई सिक्योरिटी रिहायशी परिसर है और शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के फ्लैट में प्रवेश करने के कोई संकेत नहीं मिले हैं। घटना के समय घर में केवल डॉ. किरण, उनकी पत्नी प्रियंका और उनका बेटा मौजूद थे। बेटा ऑटिस्टिक बताया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि डॉक्टर का शव एक कमरे में मिला, जबकि घायल बच्चा दूसरे कमरे में था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात किस तरह हुई और घटनाओं का क्रम क्या था।

गोलमोल जवाब दे रही है पत्नी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, चिरायु अस्पताल में कार्यरत डॉ. प्रियंका फिलहाल हिरासत में हैं। पूछताछ के दौरान वह लगातार विरोधाभासी और गोलमोल जवाब दे रही हैं। जांच टीम दोनों परिवारों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और संभावित मकसद का पता लगाया जा सके।

घरेलू विवाद के चलते की पति की हत्या?

पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता या जबरन प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

मृतक डॉक्टर के परिजनों ने डॉ. प्रियंका पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक उनकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हत्या की पूरी सच्चाई सामने आएगी।