
सिया गोयल, उसके पिता प्रवीण गोयल और FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे (Photo: X/IANS)
Ketan Agarwal Siya Goyal Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने अपनी दुकान पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई के बाद प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे सबसे कड़ी सजा दी जाये, यहां तक कि फांसी भी दी जाए, लेकिन मुझे और मेरे पूरे परिवार को निशाना बनाना सही नहीं है। ऐसे लग रहा है जैसे हमें ही सजा दी जा रही है।
प्रवीण गोयल ने कहा, "मैं कानून और न्यायपालिका के साथ हूं। जांच में पूरा सहयोग करूंगा। मेरी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे फांसी पर लटका दीजिये। लेकिन बार-बार मेरे परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। ऐसा लग रहा है कि मेरी बेटी के साथ-साथ मुझे, मेरी पत्नी और बेटे साहिल को भी सजा दी जा रही है। इस वजह से मेरा पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में है।"
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंडे की अगुवाई वाली महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के पुणे जोन-1 ने 14 जुलाई को पुणे के मार्केट यार्ड स्थित 'मेसर्स बीजी गोयल एंड कंपनी' पर छापा मारा था। यह प्रतिष्ठान सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल का है। कार्रवाई के दौरान 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी कीमत 8.14 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की गई।
FDA के अनुसार, जांच के दौरान हल्दी पाउडर, तिल और सोया मिनी चंक्स समेत चार खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए। अधिकारियों को संदेह है कि ये उत्पाद मानकों के अनुरूप नहीं है, इसलिए इनकी जांच जरुरी है। विभाग का कहना है कि कार्रवाई के पीछे मुख्य कारण बिना लाइसेंस गोदाम का संचालन, लेबलिंग नियमों का कथित उल्लंघन और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़ी नहीं है, बल्कि खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन के आधार पर की गई है।
प्रवीण गोयल ने कहा कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे खाद्य विभाग के अधिकारी उनकी दुकान पर पहुंचे और चार नमूने लेकर गए। उन्होंने बताया कि लाइसेंस से जुड़ी एक प्रक्रिया लंबित है, जिसके लिए उन्होंने आवेदन कर दिया है और 8 से 10 दिन में लाइसेंस मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "मुझे तब तक दुकान बंद रखने के लिए कहा गया है और मैं इसका पालन कर रहा हूं। मेरी दुकान सील नहीं की गई है।"
इस बीच, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे ग्रामीण पुलिस की एक टीम राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर भी पहुंची। पुलिस वहां सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की कथित शादी की जांच करने गई थी। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की भी तलाश की, लेकिन वहां ऐसा कोई फुटेज नहीं मिला। इससे पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि दोनों ने कुछ महीने पहले ही खाटू श्याम मंदिर में गुपचुप शादी की थी। जबकि केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में तय थी।
गौरतलब हो कि 20 वर्षीय सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल (25) को कथित तौर पर खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल दोनों आरोपी येरवडा सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
Updated on:
16 Jul 2026 04:03 pm
Published on:
16 Jul 2026 03:38 pm
