
AI जनरेटेड फोटो
Jaipur Young Woman Suspicious Death Case: शिवदासपुरा थाना इलाके में युवती की संदिग्ध मौत के 3 दिन बाद बदले की भावना में एक छात्र पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। घायल छात्र महात्मा गांधी अस्पताल के ICU में भर्ती है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात से पहले आरोपियों ने युवक के परिजनों को फोन कर खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस के अनुसार झुंझुनूं निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका बेटा पिलानी के एक कॉलेज में पढ़ाई करता है। 8 जुलाई को उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक युवक का फोन आया। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम्हारे बेटे की वजह से मेरी बहन ने आत्महत्या की है अब हम उसे कुल्हाड़ी से काटकर मार देंगे। धमकी के कुछ देर बाद ही परिचित का फोन आया कि उनके बेटे पर हमला हो गया है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है।
परिजन अस्पताल पहुंचे तो युवक आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता मिला। उसके सिर, गर्दन, हाथ और पैरों पर धारदार हथियार से कई गहरे घाव थे। चिकित्सकों के अनुसार शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया कि हमलावरों ने कुल्हाड़ी से कई वार किए और युवक के गिरने के बाद भी हमला जारी रखा।
घायल के पिता का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं। कॉल करने वाले कह रहे हैं कि या तो अस्पताल में मार देंगे या बाहर निकलते ही खत्म कर देंगे। परिजनों को एक वीडियो भी मिला है जिसमें दो युवक कुल्हाड़ी से हमला करते और अन्य साथी लाठी-डंडों से युवक को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
पुलिस के अनुसार हमले से तीन दिन पहले जयपुर में एक निजी कॉलेज पढ़ने वाली एक युवती विधानी स्थित अपने किराए के फ्लैट में फंदे से लटकी मिली थी। वह अपने भाई के साथ यहां रहती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। मृतका के परिजन ने छात्र पर हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया था, जिस पर पहले से हत्या का मामला दर्ज है। पुलिस दोनों मामलों को जोड़कर जांच कर रही है। हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Updated on:
16 Jul 2026 07:59 am
Published on:
16 Jul 2026 07:59 am
