
नवी मुंबई में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या (AI Image)
Navi Mumbai Murder Case: नवी मुंबई के ऐरोली इलाके में करीब 11 महीने पहले हुई एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा रबाले एमआईडीसी पुलिस ने कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों में पति के बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव के कटर से तीन टुकड़े किए और सबूत मिटाने के लिए उन्हें गवली देव पहाड़ी के जंगल में अलग-अलग जगह फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में पत्नी सुनीता कुशवाह (40) और उसके प्रेमी राहुल दशरथ प्रजापति (30) को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बलीराम सूर्यनाथ कुशवाह (50) ऐरोली के यादव नगर इलाके में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। जांच में पता चला कि सुनीता कुशवाह का घणसोली निवासी ऑटो चालक राहुल प्रजापति से कथित प्रेम संबंध था। बलीराम इसका विरोध करते थे, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी वजह से सुनीता और राहुल ने कथित तौर पर बलीराम को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उनकी हत्या कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने शव को कटर से तीन हिस्सों में काट दिया और गवली देव पहाड़ी के जंगल में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया, ताकि पहचान और सबूत दोनों मिटाए जा सकें। आरोपियों की निशानदेही पर अब पुलिस गवली देव क्षेत्र में शव के अवशेषों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना के कई महीने बाद जब बलीराम कुशवाह का भाई गांव से नवी मुंबई पहुंचा तो उसे अपने भाई के लापता होने पर संदेह हुआ। इसके बाद उसने रबाले पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों के बयानों में विरोधाभास मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर हत्या की पूरी साजिश और वारदात कबूल कर ली।
रबाले एमआईडीसी पुलिस अब आरोपियों के कबूलनामे के आधार पर जंगल से शव के अवशेष और अन्य सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जाएगी।
Updated on:
15 Jul 2026 12:39 pm
Published on:
15 Jul 2026 12:27 pm
