
Dr Kiran Honannavar Muder Case: कर्नाटक के धारवाड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले आवासीय परिसर में रहने वाले 45 वर्षीय एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होनन्नावर की उनके घर के अंदर हत्या कर दी गई। जबकि उनका 8 साल का बेटा दूसरे कमरे में लहूलुहान हालत में मिला। उसके शरीर पर चाकू के कई घाव हैं। इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस ने मृतक डॉक्टर की पत्नी प्रियंका को हिरासत में ले लिया है। प्रियंका भी पेशे से डॉक्टर है।
पुलिस के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब डॉक्टर किरण के रिश्तेदार लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि उनकी नेत्र रोग विशेषज्ञ (Ophthalmologist) पत्नी ने पहले कहा कि डॉक्टर आराम कर रहे हैं और बाद में बताया कि वे बाहर गए हैं। शाम तक संपर्क नहीं होने पर परिजन उनके फ्लैट पहुंचे, जहां उन्होंने किरण को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। इसी दौरान दूसरे कमरे में उनका घायल बेटा भी मिला। बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन शशिकुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के फ्लैट में घुसने के संकेत नहीं मिले हैं। यह एक हाई सिक्योरिटी रिहायशी परिसर है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक घटना के समय घर के अंदर केवल पति, पत्नी और उनका बेटा ही मौजूद थे।
जांच अधिकारियों के अनुसार, डॉ. किरण का शव एक कमरे में मिला, जबकि घायल बेटे दूसरे कमरे में मिला। पुलिस घटना की सारी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात कैसे हुई। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही हत्या की परिस्थितियां और घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिरायु हॉस्पिटल (Chirayu Hospital) में काम करने वाले मृतक डॉक्टर की पत्नी (प्रियंका) को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल वह सदमे की स्थिति में हैं और पूछताछ के दौरान लगातार अजीब व गोलमोल जवाब दे रही हैं। इसलिए जांच टीम अभी दोनों के परिचितों से जानकारी जुटाकर घटना के पीछे की वजह तलाश रही है।
पुलिस ने यह भी कहा कि किसी विवाद या बाहरी शख्स से हाथापाई के संकेत भी नहीं मिले हैं। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने उपनगरीय थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद हत्या की असली वजह और परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।
हालांकि, मृतक किरण के परिजनों ने सीधे तौर पर प्रियंका पर हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन , पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामला शुरुआती तौर पर घरेलू विवाद से जुड़ा लग रहा है। दोनों परिवारों से पूछताछ कर हत्या की मुख्य वजह और मोटिव का पता लगाया जा रहा है।