
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली ( Delhi ) में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छतरपुर एक्सटेंशन इलाके में 36 वर्षीय महिला ने अपने पति की चाकू से गोदकर हत्या कर डाली। यही नहीं इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद इस महिला ने सोशल प्लेटफॉर्म पर पति की हत्या का कबूलनामा भी किया।
हालांकि इतने भर से इस महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ और इसके बाद महिला ने एक और बड़ा कदम उठा लिया। आईए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
8 वर्ष पहले किया था प्रेम विवाह
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की रहने वाली थीं। जबकि उनके पति हरियाणा के यमुनानगर के निवासी थे। दोनों दिल्ली में एक इश्योरेंस कंपनी में अलग-अलग पदों पर काम करते थे।
करीब 8 वर्ष पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। फिलहाल दोनों की कोई संतान नहीं है। वे दोनों छतरपुर एक्सटेंशन की एक दो मंजिला इमारत के पहले मंजिल पर रहते थे।
दोनों के बीच अनबन से बढ़ी मुश्किल
प्रेम विवाह के बाद भी दोनों के बीच अकसर अनबन होती रहती थी। आए दिन होते झगड़ों ने रिश्तों में मुश्किल बढ़ा दी थी। ऐसी ही अनबन 2 जनवरी को भी हुआ जो इतना बढ़ गया कि महिला ने अपने पति की चाकू से गोदकर हत्या ही कर डाली।
रेणुका ने चाकू से अपने पति की छाती और पेट पर कई बार हमला किया। पति की हत्या के बाद पत्नी की मानसिक स्थिति इतनी बिगड़ चुकी थी, कि उसने इसका कबूलनामा फेसबुक पर कर डाला।
यही नहीं इस दौरान इसने अपनी भी जान लेने की कोशिश की। रेणुका उसी चाकू से जिससे पति की हत्या की थी, अपने हाथों की भी नस काट ली।
मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उनके किराएदार दरवाजा नहीं खोल रहे। उसी टाइम पीसीआर को एक महिला के फेसबुक पोस्ट के बारे में कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है।
चौंकाने वाला नजारा
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तो चौंकाने वाला नजारा सामने था। फर्श पर पति का शव पड़ा था, चारों ओर खून फैला हुआ था वहीं बेड पर महिला बेहोश थी, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया, जबकि महिला का इलाज चल रहा है।
परिवार से भी होगी पूछताछ
पुलिस की मानें तो महिला के होश में आने के बाद उसका बयान दर्ज होगा, साथ ही कपल के परिजनों से भी पूछताछ की जाएगी।