दमोह

CMO से हाथापाई के विरोध में उतरे दमोह नगरपालिका कर्मचारी, सफाई से दफ्तर तक सभी काम ठप

CMO Controversy : कर्मचारियों ने कामबंद कर जताया घटना का विरोध, बंद रहे नगरपालिका के सभी काम। सीएमओ के साथ हुई हाथापाई की घटना का किया विरोध, ज्ञापन भी सौंपा।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
CMO Controversy
विरोध स्वरूप बंद रहा नगर पालिका दफ्तर (फोटो सोर्स: Patrika)

Damoh News :मध्य प्रदेश के दमोह जिले के फुटेरा तालाब पर एक दिन पहले दुर्गा विसर्जन के दौरान बेरिकेड्स को लेकर दुर्गा उत्सव समिति और सीएमओ के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विवाद के अगले दिन नगरपालिका कर्मचारियों ने भी मौन प्रदर्शन शुरु कर दिया है। कर्मचारियों ने बुधवार को काम से विरत रहकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, कुछ कर्मचारियों ने एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी भी दी है।

मंगलवार को हुए घटनाक्रम के विरोध में बुधवार की सुबह से नगरपालिका के कर्मचारी लामबंद नजर आए। वे न तो सफाई व्यवस्था के लिए निकले और न ही सुबह 10.30 बजे कार्यालय खुला। नगरपालिका में कर्मचारी पहुंचे तो लेकिन कार्य से पूरी तरह विरत रहे। कर्मचारियों का कहना था कि, उनके अधिकारी के साथ हुई घटना से वे आहत हैं और इसके विरोध में काम नहीं कर रहे हैं। जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।

पूरे शहर में नजर आई गंदगी ही गंदगी, नहीं हुए काम

शहर में हर तरफ नजर आ रहा कचरा (फोटो सोर्स: Patrika)

नगरपालिका कर्मचारियों के कार्य से विरत रहने के कारण शहर में बुधवार को सफाई व्यवस्था नहीं हुई। इससे दशहरा के दूसरे शहर के मुख्य बाजार, सड़कों पर काफी गंदगी देखने मिली। जगह-जगह कचरा के ढेर देखने मिले और इसी गंदगी के बीच लोगों और दुकानदारों को अपना काम करना पड़ा। कचरा वाहन नहीं चलने से घरों का कचरा भी नहीं उठ सका, ऐसे में लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं तीन दिन के अवकाश के बाद बुधवार को खुलने वाला नगरपालिका का कार्यालय भी बंद रहा। इससे यहां पहुंचने वाले लोगों के काम भी नहीं हुए, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दोपहर में ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई की मांग

ज्ञापन सौंपते कर्मचारी (फोटो सोर्स: Patrika)

इस बीच बुधवार दोपहर में कुछ कर्मचारी एइकट्ठे होकर कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सीएमओ के साथ हुए घटनाक्रम की निंदा की और सतीश तिवारी व अन्य लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि, अगर जल्द से जल्द मामले में कोई एक्शन नहीं लिया जाता है तो सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Updated on:
21 Oct 2026 05:09 pm
Published on:
21 Oct 2026 05:04 pm