दमोह

दमोह में पत्नी के सामने पति की हत्या, पहले बाइक को मारी टक्कर फिर चढ़ाई कार

Murder Case: पत्नी के साथ जा रहे युवक की बाइक को मारी टक्कर, धारदार हथियारों से किया हमला, कार चढ़ाकर की हत्या।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
damoh param yadav murder
man killed in front of wife car attack, मृतक परम यादव की जीवित अवस्था की तस्वीर व घटना के बाद अस्पताल में मौजूद परिजन व पुलिस (Source-Patrika)

Damoh Murder Case: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया क्षेत्र के सेमरा बुजुर्ग गांव के समीप रविवार शाम एक युवक की पत्नी व छोटे भाई के सामने कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था, पीछे छोटा भाई भी बाइक से आ रहा था और जब उसने घटना देखी तो आरोपी उसे भी मारने दौड़े, किसी तरह उसने अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। आरोपियों के भागने के बाद छोटा भाई व पत्नी 108 की मदद से युवक को पथरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना में मृतक की पत्नी भी घायल हुई है और सदमे में है।

घर लौटते वक्त वारदात

मृतक की पहचान गढ़ाकोटा निवासी 35 वर्षीय परम उर्फ चिक्कू यादव के रूप में हुई है। मृतक के छोटे भाई अनिल यादव ने बताया कि वह लोग सागर जिले के शाहपुर थाना के टड़ा में अपने जीजा के घर गए हुए थे। उनके जीजा की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी तो वह कुछ दिनों से वहीं रूके हुए थे। रविवार शाम वह पथरिया से होते हुए दमोह जा रहे थे। उनके साथ उनका भाई चिक्कू यादव और भाभी आगे बाइक से चल रहे थे।

पहले टक्कर मारकर गिराया फिर चढ़ाई कार

सेमरा गांव के समीप आरोपियों ने भाई की बाइक को आगे से कार से टक्कर मारकर गिराया, इसके बाद हथियारों से मारपीट की और दो-तीन बार कार चढ़ाई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि पिम्मू यादव, छोटू यादव, नरेंद्र यादव, बाबूलाल यादव, वीरेंद्र यादव और नीरज यादव ने इस घटना को अंजाम दिया है। मृतक के भाई अनिल ने बताया कि पुराने विवाद के चलते मेरे भाई की हत्या की गई है। हम लोगों ने भी आरोपियों के परिवार के एक युवक की कुछ साल पहले हत्या की थी। जिसके बाद आरोपियों में शामिल पिम्मू यादव के परिजनों ने कसम खाई थी कि वह भी हमारे परिवार में दो लोगों की हत्या करेंगे और आज उन्होंने मेरे भाई की हत्या कर दी।

जांच में जुटी पुलिस

एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि परम यादव के एक्सीडेंट की सूचना प्राप्त हुई थी। वह पथरिया अस्पताल पहुंची है। मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है क्योंकि मृतक की पत्नी और उसका भाई भी साथ था। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने हमला किया है जिसमें परम उर्फ चिक्कू की मौत हुई है। मामले में मर्ग कायम किया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Updated on:
18 Oct 2026 08:48 pm
Published on:
18 Oct 2026 08:05 pm