
Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को प्रतिष्ठा का चुनाव मानते हुए भारतीय जनता पार्टी ने क्षेत्र में चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया तो वहीं, दूसरी ओर मीडिया के साथ साथ सोशल मीडिया सेंटर का उद्घाटन कर डिजिटल प्रचार अभियान को भी धार दी गई। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल मौजूद रहे।
निजी होटल में चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि संगठन की प्रतिष्ठा और विकास की निरंतरता से जुड़ा चुनाव बताया। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि, विकसित दतिया, विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि, भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां मेहनत और समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, लंबे समय तक प्रतिनिधित्व के बावजूद दतिया के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य नहीं हुए। इस उपचुनाव को उन्होंने कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान और संगठन की प्रतिष्ठा से जुड़ा चुनाव बताया।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कांग्रेस शासनकाल के विभिन्न घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि, भाजपा सरकार ने पारदर्शी और विकासोन्मुखी शासन की मजबूत नींव रखी है।
वहीं, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि, भाजपा में प्रत्याशी केवल माध्यम होता है, चुनाव की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने अगले 15 दिनों तक पूरी ऊर्जा के साथ जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, दतिया और आने वाली पीढ़ियों के विकास के लिए भाजपा को मजबूत करना आवश्यक है। सांसद ने कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि, भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि, जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे जीवनभर दतिया की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।
इससे पहले भाजपा के मीडिया एवं सोशल मीडिया सेंटर का भी उद्घाटन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि, ये सेंटर चुनाव के दौरान संगठन, मीडिया और जनता के बीच तथ्यात्मक और त्वरित संवाद का सशक्त माध्यम बनेगा। साथ ही, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से तथ्यपरक जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इधर, उपचुनाव में नाम वापसी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अब मैदान में 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाएंगे। वहीं, मतदाताओं को नोटा का भी विकल्प मिलेगा, जिससे मतपत्र पर कुल 22 विकल्प उपलब्ध रहेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विधानसभा उपचुनाव के लिए कुल 28 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) में 4 नामांकन निरस्त कर दिए गए। इसके बाद नाम वापसी की अंतिम तिथि पर तीन अभ्यर्थियों ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लेते हुए अपने नामांकन वापस ले लिए। अब दतिया विधानसभा उपचुनाव में 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। नोटा को शामिल करने पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर मतदाताओं के सामने कुल 22 विकल्प होंगे। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना के साथ उपचुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन मैदान में बचे 21 प्रत्याशियों को भारत निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जा चुके हैं।