
BJP Star Campaigners List : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए भाजपा की ओर से प्रस्तावित स्टार प्राचरकों की लिस्ट जारी हुई है। बता दें कि, 11 जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजी गई सूची सोमवार सुबह सामने आई है। लिस्ट में जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव , पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्रियों से लेकर संगठन के बड़े चेहरों को शामिल किया गया है। सूची में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम भी शामिल है। हालांकि, भाजपा के जिले से सबसे कद्दावर नेताओं में से एक नरोत्तम मिश्रा का नाम 40 स्टार प्रचारकों की सूची में 16वें स्थान पर दिया गया है। इसपर उनके क्षेत्रीय प्रशंसकों का कहना है कि, पार्टी कम से कम लिस्ट में तो उन्हें शुरुआती नामों में स्थान दे सकती थी।
फिलहाल, सामने आई सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल खुद उपचुनाव के प्रचार की अगुवाई करेंगे। वहीं, दिल्ली की टीम से पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, तथा वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह भी दतिया की धरती पर अषुतोष तिवारी के पक्ष में वोट मांगते नजर आएंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का बड़ा मंच बनता जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नामांकन को प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है। इसी वजह से दोनों दलों के शीर्ष नेता एक ही दिन दतिया पहुंचे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह का नामांकन फार्मा फॉर्म भरवाने के लिए प्रदेश कांग्रेस समेत कई दिग्गज नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे हैं। जबकि, बाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नामांकन फार्म भरवाने भी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और नरोतत्म मिश्रा समेत कई पार्टी नेता कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार की मौजूदगी से दतिया विधानसभा का ये चुनावी मुकाबला हाई-प्रोफाइल हो गया है।