दतिया

दतिया उपचुनाव : छोटी सी चूक खड़ी कर सकती है बड़ी मुसीबत, अपर कलेक्टर ने अफसरों को दिए निर्देश

Datia By-Election: दतिया सीट पर होने जा रहे उपचुनाव को लेकर पीठासीन और मतदान अधिकारियों को अपर कलेक्टर भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें मतदान के दौरान मामूली सी भी लापरवही म बरतने के निर्देश दिए गए।
2 min read
Datia By-Election
Datia By-Election (उपचुनाव को लेकर चुनाव अधिकारियों को प्रशिक्षण Photo Source- Datia Collector X Handle)

Datia News :मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन-2026 के तहत न्यू कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारी क्रमांक-1 का प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराते हुए हैंड्स-ऑन अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कहा कि, निर्वाचन अत्यंत गंभीर और जिम्मेदारी वाला कार्य है। मतदान प्रक्रिया के दौरान छोटी-सी चूक भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

अपर कलेक्टर ने सभी मतदान कर्मियों को पूरी निष्ठा, सतर्कता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए चुनावी दायित्व निभाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला पंचायत सीईओ सुरभि जैन ने अधिकारियों से कहा कि वे मतदान प्रक्रिया को केवल सैद्धांतिक रूप से ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक रूप से भी अच्छी तरह समझें। उन्होंने सभी को हैंड्स-ऑन अभ्यास के माध्यम से प्रक्रिया में दक्ष होने पर जोर दिया।

मतदान खत्म होते ही सामग्री जमा करने तक का मिला प्रशिक्षण

राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रोफेसर सुधीर पांडे, मनोज द्विवेदी तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों ने मतदान सामग्री प्राप्त करने से लेकर मतदान समाप्ति के बाद सामग्री जमा करने तक की पूरी प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया। अधिकारियों को पांच-पांच के समूहों में बांटकर ईवीएम संचालन, दस्तावेजों के संधारण और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी विद्या मिश्रा सहित जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर मौजूद रहे। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण आज भी जारी है।

पी-2 और पी-3 कर्मियों का प्रशिक्षण 16 और 17 जुलाई को

दतिया उपचुनाव की तैयारियों के तहत मतदान कार्य में नियुक्त पी-2 एवं पी-3 अधिकारियों- कर्मचारियों का प्रशिक्षण 16 और 17 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय में दो पालियों में होगा। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि, दोनों दिन प्रथम पाली का प्रशिक्षण सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पाली का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, मतदान दिवस की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया का संचालन निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

Updated on:
15 Jul 2026 12:12 pm
Published on:
15 Jul 2026 12:12 pm