देहरादून

New Scheme :भवन कर 31 मार्च तक जमा करने पर तीन माह तक मिलेगी विशेष छूट

New Scheme : 31 मार्च तक भवन कर जमा करने वाले लोगों के लिए नगर निगम ने विशेष योजना लॉच की है। समय पर कर जमा करने वाले घरेलू और व्यवसायिक भवन स्वामियों को नगर निगम प्रशासन तीन महीने की विशेष छूट देने जा रहा है।

2 min read
Mar 25, 2026
हल्द्वानी नगर निगम

New Scheme : भवन कर जमा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। हल्द्वानी नगर निगम ने घरेलू और व्यवसायिक भवन स्वामियों के लिए नई स्कीम लॉंच की है। इसके तहत 31 मार्च तक भवन कर जमा करने वाले लोगों को अगले तीन महीने विशेष छूट मिलने जा रही है। उन्हें अगले तीन महीने तक भवन कर में 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस योजना का मकसद करदाताओं को समय पर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना और निगम की राजस्व वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य तय करना है। हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के निजी और व्यावसायिक भवनों से नियमानुसार निर्धारित भवन कर लिया जाता है। हजारों भवन स्वामियों ने अभी तक कर का भुगतान नहीं किया है। इसके कारण नगर निगम का कर वसूली लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। इसी को देखते हुए नगर निगम में विशेष स्कीम लॉच की है। सभी 60 वार्डों में 31 मार्च तक पूरा भवन कर देने वालों को अगले तीन महीने तक 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी। ये छूट अप्रैल, मई और जून माह तक जारी रहेगी। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के मुताबिक यह योजना नगर निगम के सभी वार्डों में लागू रहेगी। इससे लोग कर जमा करने के प्रति जागरूक भी होंगे।

केवल 1700 लोगों ने जमा किया टैक्स

हल्द्वानी नगर निगम के 27 नए वार्डों में भवन कर पर इस वित्तीय वर्ष के लिए 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। तीन हजार भवनों में केवल 1,700 भवन स्वामियों ने अपना टैक्स जमा किया है। निगम को 1.10 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। 31 मार्च तक धनराशी जमा नहीं करने वालों को इसके बाद पूरा टैक्स देना होगा। इसी को देखते हुए लोग अब टैक्स जमा करने के लिए कार्यालय की ओर दौड़ लगा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 31 मार्च तक नगर निगम कर वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लेगा।

निर्माण से पहले बिछेगी पाइप लाइन

हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण से पहले गैस पाइपलाइन बिछानी होगी। मंगलवार को समीक्षा बैठक में मेयर गजराज बिष्ट ने इस संबंध में एचपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि सड़क निर्माण होने के बाद नगर निगम लाइन डालने की अनुमति नहीं देगा। नगर निगम के नए वार्डों में सीवरेज और पेयजल योजना का काम किया जा रहा है। इसके लिए खोदी गई सड़कों का अब पुनर्निर्माण किया जा रहा है। वहीं इन क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन बिछाया जाना भी प्रस्तावित है। इसके लिए मंगलवार को मेयर ने यूयूएसडीए और एचपीसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान यूयूएसडीए ने बताया कि पहले फेज में लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर नई गलियों में खुदाई का काम किया जाएगा।

Published on:
25 Mar 2026 08:10 am
Also Read
View All

अगली खबर