
Dewas Married Woman Leaves With Lover: मध्यप्रदेश के देवास जिले के हाटपीपल्या क्षेत्र की एक शादीशुदा महिला के लापता होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के बताए पते से महिला को भी ढूंढकर सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द किया। पुलिस के अनुसार महिला की इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोप है कि महिला अपने परिवार द्वारा जमीन बेचने से प्राप्त बयाने की करीब 22 लाख रुपए की राशि लेकर आरोपी के साथ घर से चली गई थी। मुख्य आरोपी अभी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 24 अगस्त की रात थाना हाटपीपल्या क्षेत्र के एक गांव की है। मामले में पुलिस ने धारा 140(3), 69 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने देर रात भोपाल बायपास, देवास से आरोपी के सहयोगी साहबुद्दीन खान (40 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक-20, ग्राम खेखड़ा जिला सिंगरौली व शाकिब कुरैशी (19 वर्ष), निवासी ग्राम सुपेला जिला सिंगरौली, हाल निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर महिला को ढूंढकर सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया। मामले का मुख्य आरोपी मोहम्मद इश्तियाक निवासी रीवा, फरार है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद इश्तियाक ने इंस्टाग्राम पर महिला से दोस्ती की। बातचीत करते हुए आरोपी ने महिला से प्यार का नाटक किया और उसके परिवार के बारे में जानकारी हासिल की। जब महिला ने उसे बताया कि उसके परिवार को जमीन बेचने से 22 लाख रुपए मिले हैं, तो आरोपी ने महिला को अपने साथ भागने के लिए राजी कर लिया। घटना के एक दिन पहले आरोपी इश्तियाक ने हाटपीपल्या के एक मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां खरीदीं और महिला को दे दीं। महिला ने अपने परिजनों के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं और सभी के सोने के बाद घर से 22 लाख रुपए लेकर आरोपी के साथ भाग गई थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से घटना में प्रयुक्त कार को जब्त किया है।