20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ujjain News: बिजनेसमैन की तलाकशुदा बेटी को शादी के सपने दिखाकर जयपुर के कारोबारी ने खर्च कराए 1.27 करोड़

Divorcee Woman Fraud Case: जयपुर का आरोपी सोशल मीडिया पर हाईप्रोफाइल तलाकशुदा महिलाओं से दोस्ती कर बनाता था शिकार, धार और निम्बाहेड़ा की महिलाओं से भी ठगी की आशंका।
2 min read
Google source verification
Ujjain Divorcee Woman Fraud Case

divorcee woman marriage fraud jaipur man 1 27 crore, आरोपी से जब्त सामान व पुलिस गिरफ्त में आरोपी (Source- Patrika)

Ujjain Divorcee Woman Fraud Case: मध्यप्रदेश की उज्जैन पुलिस ने हाईप्रोफाइल परिवार की तलाकशुदा महिलाओं को सोशल मीडिया के जरिए अपने जाल में फंसाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जयपुर का रहने वाला 36 वर्षीय मनीष तलाकशुदा महिलाओं को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता और फिर महंगे शौक पूरे कराने के नाम पर रुपए ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के पाली से गिरफ्तार किया है।

बिजनेसमैन की बेटी को बनाया शिकार

आरोपी मनीष ने उज्जैन के एक बिजनेसमैन की बेटी को अपने जाल में फंसाकर अपना शिकार बनाया था। आरोपी करीब तीन-चार महीने में 1.27 करोड़ रुपए महिला से खर्च करा चुका था। महिला ने शुरुआती शिकायत में पुलिस को केवल 35 लाख रुपए की जानकारी दी थी। पूछताछ और लेन-देन की जांच में रकम 1.27 करोड़ रुपए सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी फिल्मों से प्रभावित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार मोबाइल नंबर और ठिकाने बदलता रहता था। जांच में धार और निम्बाहेड़ा की दो महिलाओं को भी इसी तरह अपने जाल में फंसाने की जानकारी सामने आई है।

13 मई को शिकायत, जांच में खुला 1.27 करोड़ का राज

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मनीष पिता तीरथदास, निवासी मानसरोवर, जयपुर ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और भरोसे में लेकर रुपए व महंगे सामान पर खर्च करवाए। शुरुआती शिकायत में करीब 35 लाख रुपए की रकम बताई गई थी। पुलिस ने बलात्कार और धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को पाली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि महिला ने आरोपी पर करीब 1.27 करोड़ रुपए खर्च किए थे। पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, ऑनलाइन शॉपिंग, नकद लेन-देन और खरीदे गए सामान का पूरा हिसाब जुटा रही है।

रईस परिवारों की महिलाओं को करता था टारगेट

टीआइ गजेंद्र पचोरिया के अनुसार आरोपी मनीष संभ्रांत और रईस परिवारों की महिलाओं को टारगेट करता था। सोशल मीडिया या परिचितों के जरिए महिलाओं से दोस्ती करने के बाद उनके पड़ोस में किराए का मकान लेता था। नजदीकी बढ़ने पर शादी का झांसा देता और कभी बिजनेस शुरू करने, तो कभी कारोबार में नुकसान होने की बात कहकर उनसे रुपए खर्च करवाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को महंगे जूते-कपड़े, मोबाइल, वाहन और लग्जरी सामान का शौक था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, नकदी और ऑनलाइन खरीदा गया सामान जब्त किया है।

धार और निम्बाहेड़ा की महिलाओं को भी बनाया शिकार

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने धार की एक महिला को अहमदाबाद में पत्नी बनाकर रखा है। वहीं, निम्बाहेड़ा की एक अन्य महिला को भी इसी तरह शादी का झांसा देने की जानकारी मिली है। हालांकि, दोनों महिलाएं अब तक पुलिस के सामने नहीं आई हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अन्य कितनी महिलाओं को इसी तरीके से अपने जाल में फंसाया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ज्वेलरी दुकान भी शुरू की थी, जहां महिला उससे मिलने आती थी। पुलिस अब दुकान के दस्तावेज, लेन-देन और संचालन की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान वास्तव में कारोबार के लिए खोली गई थी या महिला से संपर्क बनाए रखने के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता था।